Bareilly News: सदर तहसील में अमीनों और एंटी करप्शन टीम के बीच हुई मारपीट, एक-दूसरे पर लगाए आरोप
बरेली की सदर तहसील में सोमवार शाम को उस वक्त हंगामा हो गया, जब अमीन और एंटी करप्शन टीम के सदस्य भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। एसडीएम और तहसीलदार ने मामला शांत कराया।
विस्तार
बरेली की सदर तहसील में सोमवार शाम राजस्व संग्रह अमीनों और एंटी करप्शन टीम के बीच खींचतान और मारपीट हो गई। हंगामे के बाद एसडीएम और तहसीलदार ने मामला शांत कराया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए। रात में ही एंटी करप्शन टीम ने मारपीट का आरोप लगाकर सीओ प्रथम को तहरीर दे दी।
शाम सात बजे तहसील पहुंची एंटी करप्शन टीम ने वाकी बासिल नवीस (डब्ल्यूबीएन) से कहा कि उन्हें अमीन रामजी शरण पर दर्ज कराए भ्रष्टाचार के मुकदमे से संबंधित रिकॉर्ड सौंपा जाए। अगर अमीन कोई रसीद काटने का दावा कर रहे हैं तो रसीद बुक की कॉपी भी दी जाए ताकि वह विवेचना को आगे बढ़ा सकें। इस बीच यहां रामजी शरण के भाई अमीन संघ के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश कुमार व मंडल अध्यक्ष सूर्य प्रकाश पटेल पहुंच गए।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों से संपर्क कर दस्तावेज लिए जाएं। किसी कर्मचारी पर दबाव बनाना गलत है। टीम के साथ इंस्पेक्टर इश्तियाक वारसी को देखकर अमीनों ने हंगामा कर दिया। जाहिर है कि वारसी पहले से ही साजिशन रामजी शरण को ट्रैप कराने में आरोपी हो चुके हैं।
ये भी पढ़ें- Pilibhit: खेत में खोदाई के दौरान मिली पीली धातु की भगवान विष्णु की मूर्ति, ग्रामीणों ने शुरू की पूजा अर्चना
दोनों पक्षों में बहस के बाद खींचतान शुरू हुई और फिर मारपीट होने लगी। तहसील में हंगामा हुआ तो एसडीएम रत्निका श्रीवास्तव और तहसीलदार रामनयन मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कर दिया। मौके से टीम निकल गई। इधर, अमीन संघ ने बैठक कर डीएम से शिकायत करने की रूपरेखा बनाई।
अमीन संघ ने लगाए गंभीर आरोप
संघ के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश कुमार ने बताया कि उनके भाई रामजी शरण को बारादरी थाने के बिचौलिये से मिलकर भ्रष्टाचार के मुकदमे में फंसाया गया था। वीडियो आदि साक्ष्य से सब साफ हो चुका है। एंटी करप्शन टीम के इंस्पेक्टर इश्तियाक वारसी को लेकर ही जब आरोप हैं तो उनके साथ टीम का तहसील आकर स्टाफ को धमकाना इशारा कर रहा है कि किसी के उकसाने पर कार्रवाई की जा रही है। टीम के लोगों ने अमीनों से मारपीट की है, मंगलवार को जिलाधिकारी से इसकी शिकायत की जाएगी।
एसडीएम के बुलाने पर गई थी टीम
एंटी करप्शन टीम के इंस्पेक्टर प्रवीन सान्याल ने बताया कि विवेचना में सहयोग नहीं मिल रहा है। यह समस्या एसडीएम सदर को बताई गई थी। उनके बुलाने पर ही रिकॉर्ड लेने टीम तहसील गई थी। अचानक आए अमीनों ने झगड़ा व मारपीट शुरू कर दी। इस मामले में टीम के साथ गईं विवेचक अर्चना तेवतिया की ओर से सीओ प्रथम को रात में उनके दफ्तर जाकर तहरीर दी गई कि अमीनों पर रिपोर्ट लिखी जाए।
एसडीएम सदर रत्निका श्रीवास्तव ने बताया कि एंटी करप्शन टीम रिकॉर्ड लेने आई थी। इस दौरान अमीनों से कहासुनी हो गई। विवाद की जानकारी होने पर कार्यालय में बुलाकर विवाद को शांत करा दिया। तहरीर आदि के बारे में जानकारी नहीं है।
सीओ प्रथम श्वेता यादव ने कहा कि अमीनों पर मारपीट जैसे आरोप लगाकर एंटी करप्शन टीम के सदस्यों ने शिकायत दी है। मामले में कोतवाली पुलिस से जांच रिपोर्ट मांगी गई है, तभी इसमें कार्रवाई की जाएगी।