किसान आत्महत्या प्रकरण: कुलपति पर हुई रिपोर्ट, अन्य मांगों पर मिला आश्वासन तो परिजनों ने किया अंतिम संस्कार
बहेड़ी में किसान भगवान सिंह की आत्महत्या के मामले में रविवार को पुलिस-प्रशासन के अफसरों और सिख संगत के बीच कई घंटे तक वार्ता हुई। मांगों पर आश्वासन मिलने के बाद पीड़ित परिजन माने और शव के अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
विस्तार
बरेली के बहेड़ी में किसान भगवान सिंह की आत्महत्या के मामले में रविवार को करीब पांच घंटे तक चली बैठक के बाद आखिरकार प्रशासन और सिख संगत के बीच सहमति बन गई। सहमति बनने के बाद कमेटी और सिख संगत ने भगवान सिंह के शव का अंतिम संस्कार करने पर सहमति दे दी। इसके बाद पुलिस प्रशासन अंतिम संस्कार कराने गांव के लिए रवाना हो गया। शाम करीब साढ़े पांच बजे गांव में भगवान सिंह का अंतिम संस्कार किया गया।
रविवार को नैनीताल रोड स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में सुबह 10 बजे से ही सिख संगत का जुटना शुरू हो गया था। ठीक 10:30 बजे मृतक के रिश्तेदार सुखदेव सिंह नामधारी भी उत्तराखंड से गुरुद्वारा पहुंच गए। गुरुद्वारे के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। नगर के हर चौराहे और हर सरकारी भवन के आसपास पुलिस तैनात की गई थी।
संबंधित खबर- यूपी: बरेली में गोरखपुर विवि के कुलपति समेत पांच पर रिपोर्ट दर्ज, किसान की मौत के मामले में कार्रवाई
सुबह 11 बजे गुरुद्वारे में पाठ शुरू हुआ, जो दोपहर 12 बजे तक चला। इसके बाद सिख संगत की बैठक शुरू हुई। इसी दौरान एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह तथा एसपी उत्तरी संतोष कुमार भी गुरुद्वारा पहुंचे। अधिकारियों ने गुरुद्वारे के मुख्य हॉल में जाकर सबसे पहले मत्था टेका, इसके बाद बैठक शुरू हुई।
कमेटी ने रखीं ये मांगें
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने एफआईआर की कॉपी सुखदेव सिंह नामधारी, जोगेंद्र सिंह, इकबाल सिंह, राजिंदर सिंह, जसवीर सिंह उप्पल और रवि मल्होत्रा की छह सदस्यीय कमेटी को सौंपी। एफआईआर की कॉपी मिलने के बाद कमेटी ने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को दो करोड़ रुपये मुआवजा देने, भगवान सिंह की 12 एकड़ कृषि भूमि वापस वारिसों के नाम दर्ज कराने और सीओ को निलंबित करने की मांग रखी।
प्रशासन ने दिया आश्वासन
लंबी बातचीत के बाद प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि भोग से पहले भगवान सिंह की जमीन उसके बच्चों के नाम कराकर दी जाएगी। सीओ पर मजिस्ट्रेटी जांच होगी, अगर परिवार लिखकर देगा। गिरफ्तारी नियमानुसार की जाएगी। मुआवजे की मांग को शासन तक भेजा जाएगा। प्रशासन के इस आश्वासन पर कमेटी और सिख संगत ने भगवान सिंह के शव का अंतिम संस्कार करने पर सहमति दे दी।
मामले में कुलपति समेत पांच पर एफआईआर
जमीन के विवाद और कथित धमकियों से परेशान गांव पचपेड़ा निवासी किसान भगवान सिंह ने जहर खाकर जान दे दी थी। मृतक के बेटे भाग सिंह की तहरीर पर थाना बहेड़ी पुलिस ने रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति और गोरखपुर विश्वविद्यालय के वर्तमान कुलपति कृष्ण पाल सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक के बेटे भाग सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके पिता भगवान सिंह ने वर्ष 1995 में बहेड़ी थाना क्षेत्र के पचपेड़ा गांव में कृषि भूमि खरीदी थी। तहरीर में आरोप है कि जमीन पर उनका परिवार लंबे समय से काबिज था और वहीं उनका मकान भी बना हुआ है। राजस्व अभिलेखों में भी पिता का नाम दर्ज चला आ रहा था।
कुलपति और उनकी पत्नी समेत इन लोगों पर आरोप
आरोप है कि कुलपति कृष्ण पाल सिंह, उनकी पत्नी संजेश, संजीव कुमार राठी, अनुज कुमार और उनके अज्ञात सहयोगियों ने राजस्व अधिकारियों से सांठगांठ कर जमीन के संबंध में एकतरफा आदेश करा लिया। इसके बाद फर्जी व्यक्ति खड़ा कर कूटरचना के जरिये जमीन का बैनामा भी करा लिया।
भाग सिंह ने तहरीर में आरोप लगाया कि जमीन को लेकर उनके पिता ने अधिकारियों के यहां कई बार शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। तहरीर के अनुसार, इसके बाद आरोपियों की ओर से जमीन और मकान खाली करने का दबाव बनाया गया तथा जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकियां दी गईं। इससे उनके पिता मानसिक रूप से परेशान रहने लगे और 20 नवंबर को उन्होंने जान दे दी।
