Bareilly News: लुटेरों के गिरोह का भंडाफोड़, मुठभेड़ में आठ बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
Bareilly News: बरेली में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ के दौरान आठ बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनमें एक बदमाश घायल हुआ है। ये बदमाश लूट करने की फिराक में थे।
विस्तार
बरेली में सीबीगंज थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम की रविवार रात बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदायूं के बदमाश के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दिल्ली, हरियाणा, बदायूं, बरेली और हरदोई के शातिर शामिल हैं।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि ट्यूलिया पुल के पास झाड़ियों में बदमाशों के छिपे होने की सूचना पर सीबीगंज पुलिस के साथ एसओजी ने वहां घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके समेत आठ शातिरों को गिरफ्तार कर लिया। थाने लाकर उनसे पूछताछ की गई। घायल बदमाश की पहचान बदायूं के इस्लामनगर निवासी विकास कश्यप के रूप में हुई।
ये भी पढ़ें- UP: 'घर आ जाओ, कोई नहीं है...', रात में महिला के पास आया प्रेमी का कॉल, पति को नशे की दीं गोलियां; फिर हुआ ये
एसपी सिटी के मुताबिक, दिल्ली में रह रहा विवेक उर्फ राणा (मूल निवासी गांव ईखखेड़ा, थाना इस्लामनगर, बदायूं) व दिल्ली में ही रह रहे अलीगढ़ निवासी आशू शर्मा, हरदोई के रामापुर निवासी अखिलेश सिंह, हरियाणा में रह रहे बरेली के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के सतुइया पट्टी निवासी सोनू कश्यप, फतेहगंज पश्चिमी के ही अगरास निवासी सर्वेश कश्यप, दिल्ली के सिंधु बॉर्डर निवासी सागर सहरावत व बदायूं के बिल्सी निवासी श्याम सुंदर को भी गिरफ्तार किया गया है। उनसे दो तमंचे, छह चाकू, चोरी की दो बाइक, 8 मोबाइल फोन, नकदी और शराब की बोतलें व गिलास बरामद किए गए।
कर चुके हैं छिनैती और लूट की कई घटनाएं
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी दिल्ली और हरियाणा में मोबाइल फोन छिनैती, चेन स्नेचिंग और लूट की कई घटनाएं कर चुके हैं। गिरोह के सरगना सर्वेश कश्यप ने बताया कि वह सिंधु बॉर्डर पर टेंट हाउस में काम करता है। वह सागर, अखिलेश, आशू, विवेक शर्मा व विकास आपस में दोस्त हैं। सोनू कश्यप उसका रिश्तेदार है, जो हरियाणा के पलवल में छोले-कुल्छे बेचता है।
सोनू का दोस्त श्यामसुंदर वहीं गोलगप्पे की ठेली लगाता है। सभी बरेली में आकर फतेहगंज पश्चिमी के सराफों से और हाईवे पर लूट की योजना बना रहे थे। इसके लिए उन्होंने दीपक गुजराती नाम के युवक से नौ हजार रुपये में तमंचे और चाकू खरीदे थे। लूट से पहले शराब पार्टी के दौरान पकड़े गए।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि सीबीगंज पुलिस ने बड़े गिरोह को वारदात से पहले ही पकड़ लिया। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट लिखी गई है। गिरोह के अन्य सदस्यों व इनके जरिये की गई घटनाओं की जानकारी की जा रही है। एसएसपी ने टीम को पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.