UP News: औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ने के लिए बनेंगे एलिवेटेड रोड व अंडरपास, बीडीए ने शुरू की कवायद
बरेली में बीडीए परसाखेड़ा, बदायूं रोड व रजऊ परसपुर में औद्योगिक टाउनशिप विकसित कर रहा है। एनएचएआई की ओर से इन तीनों स्थानों को जोड़ने के लिए 27 किमी लंबे बाइपास का निर्माण भी प्रस्तावित है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तीन औद्योगिक क्षेत्रों को आपस में जोड़ने के लिए बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) एलिवेटेड रोड और अंडरपास का निर्माण कराएगा। औद्योगिक क्षेत्रों को इस बाइपास से जोड़ने के लिए बीडीए के अभियंता भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के संपर्क में हैं। बीडीए किफायती व बेहतर विकल्प का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजेगा। स्वीकृति के बाद काम शुरू होगा।
दरअसल, बीडीए परसाखेड़ा, बदायूं रोड व रजऊ परसपुर में औद्योगिक टाउनशिप विकसित कर रहा है। साथ ही, एनएचएआई की ओर से इन तीनों स्थानों को जोड़ने के लिए 27 किमी लंबे बाइपास का निर्माण भी प्रस्तावित है। अब बीडीए के अधिकारी औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए एनएचएआई के अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं। औद्योगिक क्षेत्रों को हाईवे से जोड़ने के लिए एलिवेटेड रोड या अंडरपास बनाने पर मंथन कर रहे हैं।
दो जगह विकसित की जा रहीं नई टाउनशिप
बीडीए झुमका चौराहे के पास रसूलापुर चौधरी व रहपुरा चौधरी में टाउनशिप विकसित करने की योजना बना चुका है। वहां लॉजिस्टिक, वेयर हाउस व परिवहन सेवाओं पर जोर दिया गया है। वहीं, बदायूं रोड पर एमएसएमई टाउनशिप विकसित की जा रही है।
फरीदपुर रोड स्थित रजऊ परसपुर गांव के पास पुराने ट्रांसपार्ट नगर को विकसित किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि शहर के तीन छोरों पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने के बाद औद्योगिक हब के रूप में बरेली को नई पहचान मिलेगी। इसमें उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी।
सस्ता और बेहतर विकल्प अपनाएगा बीडीए
बीडीए के अभियंता यह मंथन कर रहे हैं कि एलिवेटेड रोड व अंडरपास में से सस्ता व बेहतर विकल्प कौन सा है? इसके बाद ही तय किया जाएगा कि एलिवेटेड रोड का निर्माण कराया जाएगा या फिर अंडरपास बनाया जाएगा। इससे औद्योगिक क्षेत्रों को बेहतर लॉजिस्टिक सपोर्ट मिल सकेगा। बाहर से आने वाला सामान भी सीधा वेयर हाउस में उतरेगा। इसके अलावा व्यापारी कभी भी छोटे वाहनों के माध्यम से सामान को शहर तक ला सकेंगे। एमएसएमई टाउनशिप में मोटर मैकेनिकों के लिए भी भूखंड होंगे।
बीडीए सचिव योगेंद्र कुमार ने बताया कि नाथधाम इंटिग्रेटेड टाउनशिप के सर्वे के बाद बदायूं रोड पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) और परसाखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया के पास ट्रांसपोर्टनगर योजना में वेयर हाउस और लॉजिस्टिक परियोजना पर काम तेजी से चल रहा है। एलिवेटेड रोड व अंडरपास के निर्माण पर मंथन चल रहा है। जल्द निर्णय लिया जाएगा।