सपाइयों ने नामांकन कराने आए डेलीगेट को पीटकर भगाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोमवार को कचहरी के पास स्थित सोसायटी के ऑफिस में निर्वाचन अधिकारी डिप्टी कलेक्टर पुष्पलता देवराग की निगरानी में डायरेक्टर पद के लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही थी। कस्बा रिठौरा के रहने वाले डेलीगेट बालकराम गंगवार का आरोप है कि वह अपने बेटे सुधीर गंगवार, प्रस्तावक सुधीर कुमार, अनुमोदक महेश पाल के साथ दोपहर बाद करीब डेढ़ बजे बड़ेपुरा इलाके से डायरेक्टर पद के लिए नामांकन दाखिल करने पहुंचे। बालकराम का आरोप है कि वह नामांकन कक्ष के पास ही पहुंचे थे कि बड़ेपुरा इलाके से पर्चा दाखिल कर चुके सपा समर्थित रघुवीर सिंह पटेल ने अपने छह साथियों की मदद से उन पर हमला कर दिया। उसके बेटे, अनुमोदक और प्रस्तावक ने किसी तरह जान बचाई। इसे लेकर सोसायटी ऑफिस से बाहर हंगामा खड़ा हो गया। बालकराम नंगे पैर दौड़कर एसएसपी ऑफिस पहुंच गए। एसएसपी ने बालकराम को नंगे पैर अपने सामने फरियाद करता देखा तो बात में सच्चाई लगी और फौरन कोतवाली प्रभारी राम नारायण सिंह को मौके पर पहुंचकर स्थिति से अवगत कराने को कहा। साथ ही बालकराम से तहरीर लेकर मुकदमा लिखने के आदेश कर दिए। एसएसपी के आदेश पर कोतवाली में रघुवीर सिंह समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है।
सातों क्षेत्रों के नामांकन पत्र दाखिल
डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव शुगर केन सप्लाई सोसायटी के डायरेक्टर पद के लिए सातों क्षेत्रों से नामांकन दाखिल हो गए हैं। गुरगांव क्षेत्र से अनिल कुमार, मनोना से कुंवरपाल, सूदनपुर से अल्फत सिंह यादव, अखा से रामकुमार, बारीनगला से बसुधा देवी, वोहित से तुलाराम, अहलादपुर से राजेंद्र सिंह, नियौड़ी खुर्द से सावित्री देवी, धीमरी भगवानपुर से बांके सिंह, घंघोरा पिपरिया से हरदीप सिंह और बड़ेपुरा से रघुवीर सिंह पटेल ने पर्चा दाखिल किया है। सातों का डायरेक्टर चुना जाना तय है। हालांकि मंगलवार को नामांकनों की जांच होने के बाद अगले दिन नाम वापसी की तारीख निश्चित है। आठ अप्रैल को मतदान की तिथि पहले से ही तय है।
वर्जन--------
रघुवीर सिंह पटेल सपा के सदस्य तो नहीं हैं, लेकिन उन्होंने पता कराया है कि केन सोसायटी के चुनाव को होने वाले नामांकन में कोई विवाद नहीं हुआ है। बालकराम हाफिजगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर है। बालकराम दो बजे के बाद सोसायटी में पहुंचा था। उसे पर्चा भरना था तो दस बजे आना चाहिए था। बालकराम और रघुवीर आपस में रिश्तेदार हैं, उनकी आपसी लड़ाई है, इससे पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है- वीरपाल सिंह यादव, जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी, बरेली
471 डेलीगेटों को चुनने हैं सात डायरेक्टर
केन सोसायटी के कुल 585 डेलीगेट होते हैं। इनमें से 471 डेलीगेट ही चुने गए हैं। बाकी पद खाली चल रहे हैं। बड़ेपुरा क्षेत्र में 51 डेलीगेटों को डायरेक्टर का चुनाव करना था, यहां से अब तक रघुवीर की भाभी डायरेक्टर थीं। चुने गए डायरेक्टर ही केन सोसायटी के अध्यक्ष का चुनाव करते हैं। सोसायटी का मुख्य कार्य जिले के किसानों के हितों की रक्षा करना है।
चुनाव रद्द कराकर रहूंगा: बालकराम
केन सोसायटी के चुनाव से पहले ही उसने रघुवीर सिंह पटेल के बारे में केंद्रीय चुनाव आयोग और राज्य चुनाव आयोग से शिकायत कर दी थी। उन्होंने जो आशंका जताई थी, वही सच साबित हुई। वह इस मामले को लेकर हाईकोर्ट तक जाएंगे। कुछ भी हो जाए मैं चुनाव रद्द कराकर रहूंगा।
इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है, एसएसपी से रिपोर्ट मांगी गई है। अभी रिपोर्ट नहीं आई है, रिपोर्ट आने की ही प्रकरण में आगे का फैसला होगा- गौरव दयाल, डीएम