आईएमए चुनाव: बरेली में डॉ. अतुल श्रीवास्तव अध्यक्ष, डॉ. डीपी गंगवार-डॉ. गौरव चुने गए उपाध्यक्ष
बरेली में आईएमए चुनाव में रविवार को सुबह आठ बजे शाम पांच बजे तक चले मतदान में 754 मत पड़े। इसमें अध्यक्ष के लिए डॉ. अतुल श्रीवास्तव 510 मत हासिल कर विजेता बने। उपाध्यक्ष पद पर डॉ. डीपी गंगवार को 425, डॉ. गौरव गर्ग को 351 मत मिले।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन बरेली शाखा के चुनाव में अध्यक्ष पद पर डॉ. अतुल श्रीवास्तव विजयी हुए। रविवार को हुए चुनाव में उन्होंने प्रतिद्वंद्वी को 269 मतों से हराया। डॉ. डीपी गंगवार, डॉ. गौरव गर्ग उपाध्यक्ष, डॉ. शिवम कामथान कोषाध्यक्ष चुने गए। सचिव पद पर डॉ. रतनपाल सिंह और हॉस्पिटल एडवाइजरी कमेटी के सदस्य पद पर डॉ. दुष्यंत कुमार निर्विरोध चुने गए। चुनाव कमेटी के चेयरमैन डॉ. सत्येंद्र सिंह के मुताबिक निर्वाचित अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी वर्ष 2025-26 में कार्यभार लेंगे। वहीं, इस वर्ष एक अक्तूबर को पूर्व निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. आरके सिंह जिम्मेदारी संभालेंगे।
रविवार को सुबह आठ बजे शाम पांच बजे तक चले मतदान में 754 मत पड़े। इसमें अध्यक्ष के लिए डॉ. अतुल श्रीवास्तव 510 मत हासिल कर विजेता बने। उपाध्यक्ष पद पर डॉ. डीपी गंगवार को 425, डॉ. गौरव गर्ग को 351 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद पर डॉ. शिवम कामथान को 303 मत मिले। पीआरओ के लिए तीन आवेदन हुए थे, पर तीनों खारिज कर दिए गए। बाइलाज के अनुसार कमेटी इस पद पर जल्द ही सर्वसम्मति से पदाधिकारी मनोनीत कर सकती है।
मतदान के बाद चला सेल्फी का दौर : सर्वप्रथम चुनाव कमेटी के सदस्यों ने, फिर वनमंत्री डॉ. अरुण कुमार ने मतदान किया। सभागार के प्रवेश द्वार पर और मतदान कक्ष में सेल्फी प्वाॅइंट बने थे। मतदान के बाद डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अहमद अंसारी, पूर्व सीएमओ डॉ. सुधीर गर्ग, चिकित्साधिकारी डॉ. शैव्या, डॉ. मधु गुप्ता, डॉ. रोहम, डॉ. एमपी सिंह व अन्य ने सेल्फी ली।
स्टेट कमेटी के पद भी रहे निर्विरोध
स्टेट काउंसिल के 20 पदों के सापेक्ष नामांकन कम होने पर सभी दावेदार निर्विरोध निर्वाचित हो गए। कार्यकारिणी समिति के 42 पदों के लिए कुल 61 प्रतिद्वंदी मैदान में थे। इसमें से 42 पदों के लिए वोट पड़े। सेंट्रल काउंसिल के लिए भी मतदान की जरूरत नहीं हुई। मतदान प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई।
बीते वर्ष के सापेक्ष ज्यादा मत पड़े
बीते वर्ष आईएमए चुनाव में करीब छह सौ मत पड़े थे, पर इस वर्ष यह संख्या 754 जा पहुंची। चुनाव कमेटी में आईएमए अध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार गोयल, चेयरमैन बाइलाज कमेटी डॉ. रवि मेहरा, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. विनोद पागरानी, डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी, डॉ. आरके सिंह व अन्य शामिल रहे।