Bareilly News: गरीब बेटियों की शादी के नाम पर चंदा लेता है हैदरी दल, पुलिस की जांच में खुली हकीकत
बरेली में हैदरी दल से जुड़े दो और आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। इनमें एक ट्रेनी इंजीनियर और दूसरा होम्योपैथी चिकित्सक है। इस दल का सरगना मुफ्ती खालिद है, जो लखीमपुर खीरी का रहने वाला है।
विस्तार
बरेली में हैदरी दल से जुड़े ट्रेनी इंजीनियर शानू व होम्योपैथी चिकित्सक जैश का कोतवाली पुलिस ने चालान कर दिया। दोनों आरोपियों से लंबी पूछताछ में पता लगा कि मुफ्ती खालिद इस समूह का सरगना है। वही इन्हें हैदरी दल के वीडियो प्रमोट करने के लिए भेजता था। ये लोग व्हाट्सएप ग्रुप व इंस्टाग्राम पर भड़काऊ वीडियो डालते थे।
कोतवाली पुलिस ने बकरीद के दिन गांधी उद्यान में समुदाय विशेष की युवतियों का वीडियो बनाकर वायरल करने के मामले में हैदरी दल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। दो आरोपियों को जेल भेज दिया गया था। रविवार को पुलिस ने दो अन्य युवकों को पकड़ा था। इनमें बैरियर टू चौकी के सामने रहने वाला मोहम्मद जैश होम्योपैथी की पढ़ाई कर रहा है। जैश ने पुलिस को बताया कि खीरी के मूल निवासी और किला क्षेत्र में रहकर एक मदरसे में पढ़ाने वाले मुफ्ती खालिद ने उसे हैदरी दल के व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा था।
ग्रुप में करीब 250 लोग थे। इसमें देश भर में हैदरी दल द्वारा किए जा रहे कार्यों के वीडियो डाले जाते थे। ये लोग इन वीडियो को दूसरे ग्रुपों में प्रसारित करते थे। खालिद ने उसे एक क्यूआर कोड भेजा था। बताया था कि हैदरी दल के इस खाते में चंदा डाल दो। इससे मुस्लिम समुदाय की गरीब बेटियों की शादी में मदद दी जाएगी। उसने खुद इस नंबर को स्कैन करके चंदा दिया और दूसरे लोगों को भी चंदा देने के लिए प्रेरित किया।
इंजीनियरिंग के छात्र ने डिलीट किए वीडियो
शहर के एक निजी विश्वविद्यालय में कंप्यूटर इंजीनियरिंग के छात्र बहेड़ी निवासी शानू ने चालान होने से पहले सीओ प्रथम आशुतोष शिवम को बताया कि उसने देश के दूसरे हिस्सों में संचालित हैदरी दल के ग्रुप को देखकर अपने ही नंबर से हैदरी दल बरेली नाम का इंस्टाग्राम पेज बनाया था।
ग्रुप होल्डर के रूप में वह अन्य लोगों द्वारा भेजे गए भड़काऊ वीडियो इस पेज पर डालता था। जब इस मामले में रिपोर्ट हुई तो उसने आनन-फानन ये वीडियो डिलीट कर दिए। दल के लोगों को भरोसा था कि कंप्यूटर का अच्छा जानकार होने की वजह से वह पकड़ा नहीं जाएगा, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि कोतवाली पुलिस को हैदरी दल के संचालक के बारे में कई पुख्ता सबूत मिले हैं। शहर के एक मदरसे की भी इसमें भूमिका सामने आ रही है। जल्दी ही पुलिस असली सरगना तक पहुंचेगी। फिलहाल दो और आरोपी जेल भेज दिए गए हैं।