Pilibhit News: कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, अफसरों को दिए जरूरी निर्देश
पीलीभीत में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने मंगलवार को कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई व पेयजल व्यवस्थाएं परखीं। अफसरों ने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इसे लेकर अफसरों को जरूरी निर्देश दिए गए।
विस्तार
पीलीभीत में श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने जिले के कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर बनाए गए शिविरों, बैरिकेडिंग, संवेदनशील स्थलों तथा पुलिस तैनाती की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ लगातार निगरानी रखें।
मंडी परिसर का भी किया निरीक्षण
इसके बाद डीएम और एसपी ने मंडी परिसर का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि मंडी में आने वाले किसानों, व्यापारियों और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।
संवेदनशील स्थलों पर बरतें विशेष सतर्कता
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिल सके।