Ration Card: सत्यापन में सर्वर की अड़चन..., राशन वितरण को लेकर कोटेदारों को जारी हुए ये निर्देश
बरेली में राशन कार्ड धारकों के सत्यापन के चलते राशन वितरण का कार्य प्रभावित हो रहा था। इसकी शिकायतें मिलने पर जिला पूर्ति अधिकारी ने कोटेदारों को राशन वितरण को प्राथमिकता पर रखने के निर्देश दिए हैं।
विस्तार
बरेली में राशन कार्डों में दर्ज प्रत्येक सदस्य यानी यूनिटों के सत्यापन में सर्वर अड़चन बन रहा है। बगैर सत्यापन राशन वितरण कार्य प्रभावित हो रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों पर अब जिला पूर्ति अधिकारी ने कोटेदारों को राशन वितरण को प्राथमिकता पर रखने के निर्देश दिए हैं।
शासन की ओर से बीते दिनों राशन कार्ड धारकों के कार्ड में जितने यूनिट दर्ज हैं, वह सभी पात्र हैं या नहीं इसकी पुष्टि के लिए कोटे की दुकानों पर लगे ई-पॉस मशीनों से सत्यापन के निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत कार्ड धारक को सभी सदस्यों के साथ कोटा पर पहुंचना था।
सर्वर हैंग होने से प्रभावित रहा सत्यापन कार्य
आधार कार्ड और वैध मोबाइल नंबर दर्ज कराकर ई-पॉस मशीन पर अंगूठे का निशान लगाना है। दिशा-निर्देश जारी होने के बाद प्रत्येक कोटे पर कार्ड धारक परिवार के साथ पहुंचे लेकिन सर्वर हैंग होने से सत्यापन कार्य प्रभावित रहा। इधर, आचार संहिता खत्म होने के बाद राशन वितरण शुरू हुआ।
सत्यापन और राशन वितरण दोनों कार्य एक साथ करने में कोटेदार भी परेशान हुए। लगातार मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेकर जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने सत्यापन की समस्या की पूर्ति निरीक्षकों से पुष्टि कराई। अब राशन वितरण प्राथमिकता पर वितरण के निर्देश दिए हैं।