यूक्रेन में जहाज पर हमला: बरेली के रहने वाले दीपक कुमार लापता, परिवार के लोग चिंतित
यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह पर शनिवार को व्यापारिक जहाज 'एमवी एजीएन रैग्नर' पर हमला हुआ। इसमें चालक दल के दो भारतीय सदस्य लापता हो गए। इनमें बरेली के दीपक कुमार गुप्ता भी शामिल हैं। उनके परिजन चिंतित हैं।
विस्तार
यूक्रेन ब्लैक सी (काला सागर) के ओडेसा बंदरगाह से लौट रहे भारतीय क्रू मेंबर वाले व्यापारिक जहाज एमवी एजीएन रैग्नर पर शनिवार को हमले में दो भारतीय लापता हुए थे। एक युवक मिला पर बरेली के गांव भरतौल निवासी एबल सीमैन दीपक कुमार गुप्ता लापता हैं।
रविवार को दूतावास से कॉल पर बेटे के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद परिवार सदमे में है। बेटा जीवित है, सुरक्षित है, मिला या नहीं.. इन सवालों के जबाव न मिलने से तमाम आशंकाओं से जूझ रहे हैं। सोमवार को दिन भर ढाढ़स बंधाने घर पहुंचते रहे।
कंपनी कार्यालय से नहीं मिली संतोषजनक सूचना
दीपक के बड़े भाई संजीव गुप्ता सोमवार को संबंधित कंपनी के दिल्ली स्थित कार्यालय पहुंच गए। कोई संतोषजनक सूचना नहीं मिली। मित्र मोनू चौधरी के मुताबिक दीपक ने कुछ दिन पूर्व वीडियो कॉल से बात की थी। इधर, ग्राम प्रधान प्रवेश देवी ने सूचना पर झारखंड राज्यपाल संतोष गंगवार को ज्ञापन सौंपा है।
ये भी पढ़ें- UP: 'कान में गूंजी आवाज- इसे मार डालो', बरेली में परचून व्यापारी की हत्या में 'साइको किलर' गिरफ्तार
इसमें कहा है कि भरतौल निवासी 26 वर्षीय लापता युवक को खोजकर परिवार तक सुरक्षित पहुंचाने की मांग की है। इसके अलावा विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा से भी ग्रामीणों ने मदद की गुहार लगाई। सभी ने केंद्र सरकार के सक्षम अधिकारियों से संपर्क करने का आश्वासन दिया है।
पिता बोले- चार-पांच घंटे तक तैरने में सक्षम है दीपक
दीपक का परिवार मूल रूप से बिहार के सिवान का है। उनके पिता उद्धव कुमार गुप्ता सेना में नायब सूबेदार थे, जो अब सिवान पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। पिता के मुताबिक स्टाफ से कॉल आया था, लेकिन सोमवार रात तक कोई जानकारी नहीं मिली है। हालांकि, जहाज से लापता हुए एक युवक के मिलने के बाद आस जगी है। कहा कि दीपक चार से पांच घंटे तक तैरने में सक्षम है। सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की उम्मीद जताई है।
पिता के मुताबिक बेटे का जन्मदिन दो अगस्त को है। यूक्रेन में पांच दिन तक ठहरने के दौरान कॉल की थी लेकिन सही से बात नहीं हो सकी। बताया था कि एक अगस्त को घर पहुंचकर जन्मदिन घर पर मनाने की बात कही थी। उसके वापसी की उम्मीद में दोस्तों ने भी पार्टी की योजना बनाई थी। पिता के मुताबिक शादी के लिए बात चल रही थी। पहली मंजिल पर कमरों का निर्माण शुरू किया था। सभी को दीपक का इंतजार है।