बरेली: कान्हा उपवन गोशाला में 15 गोवंशों की मौत, सुपरवाइजर समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
बरेली के सीबीगंज क्षेत्र स्थित कान्हा उपवन गोशाला में 15 गोवंशों की मौत हुई है। पशु क्रूरता और लापरवाही के आरोप में सुपरवाइजर समेत चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। इनमें दो भूसा सप्लायर भी शामिल हैं। पुलिस ने मृत गोवंश का पोस्टमार्टम कराया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के सीबीगंज क्षेत्र के नदोसी स्थित कान्हा उपवन गोशाला में 15 गोवंशीय पशुओं की मौत के मामले में रात भर हंगामा हुआ। गोसेवकों ने नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली में तिरपाल से ढके मृत गोवंशों को ले जाते हुए पकड़ा। इस मामले में पशु क्रूरता और लापरवाही के आरोप लगाकर गोशाला के सुपर वाइजर समेत चार आरोपियों पर रिपोर्ट कराई गई है।
निर्दोष राठौर की ओर से कराई गई रिपोर्ट में बताया गया कि 29 अगस्त को गोशाला से सात मृत गोवंश को बाहर ले जाया जा रहा था। ये गोवंश दयनीय स्थिति में कीचड़ से सने हुए थे। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन के उच्चाधिकारियों को दी। पंकज पाठक के नेतृत्व में गो सेवकों ने अधिकारियों के सामने गोशाला का जायजा लिया। वहां कीचड़, गंदगी, घायल, कमजोर गोवंश और सड़ा हुआ भूसा मिला। चारे और पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी। गो सेवकों को जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
गोवंशों की मौत की वजह
31 अगस्त की रात करीब आठ बजे फिर से नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब आठ मृत गोवंश को दबाने के लिए ले जाया जा रहा था। गोसेवकों ने नदौसी के पास ट्रॉली को रोका। उन्होंने पाया कि गोवंश की मृत्यु पशु क्रूरता, बीमारी और देखरेख में लापरवाही के कारण हुई। आरोप है कि कान्हा उपवन गोशाला में पशुओं के लिए स्वच्छ चारा और पीने योग्य पानी उपलब्ध नहीं कराया जाता। गोशाला में पर्याप्त सफाई भी नहीं होती।
जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
इस मामले में सुपरवाइजर विजय उर्फ बनवारी, भूसा सप्लायर रचित अग्रवाल (आरके इंटरप्राइजेज) और विशाल मल्होत्रा को जिम्मेदार ठहराया गया है। गोशाला के केयरटेकर, संचालनकर्ता और देखरेख के लिए जिम्मेदार व्यक्ति आरोपी हैं। इन सभी के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने की मांग की गई।
गोशाला का मुआयना कर मृत गोवंश का पोस्टमार्टम गो सेवकों की मौजूदगी में कराने का निवेदन किया गया। उनके पास मृत गोवंशों के फोटो, वीडियो और मौके के गवाह मौजूद हैं। सीओ टू नितिन कुमार ने बताया कि तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गोवंश का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।