Bareilly News: सोते वक्त बुजुर्ग दंपती पर जानलेवा हमला, महिला की हालत बेहद नाजुक, अस्पताल में भर्ती
बरेली के बाबू नगला गांव में बृहस्पतिवार रात अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर दंपती पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए। महिला की हालत नाजुक है। पुलिस ने पीड़ित के भतीजे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र के बाबू नगला गांव में बृहस्पतिवार रात घर में चारपाई पर सो रहे बुजुर्ग दंपती पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया। दंपती को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में झाड़फूंक के शक में पारिवारिक रंजिश की बात सामने आ रही है। पुलिस ने भतीजे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बाबू नगला गांव निवासी 60 वर्षीय भोगराज पत्नी चंद्रकली के साथ गांव में रहते है। पास के मंदिर पर ओझा (झाड़फूंक) का काम करते हैं। उनके दोनों बेटे दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। बृहस्पतिवार रात दंपती घर में टिन शेड के नीचे सो रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे घर में घुसे लोगों ने दंपती के चेहरे व शरीर पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। जैसे-तैसे भोगराज छूटकर भाग खड़े हुए। उन्होंने पड़ोस में रहने वाले अपने चचेरे भाई डालचंद को जगाया। शोर होने पर अन्य पड़ोसी भी जाग गए। तब आरोपी भाग खड़े हुए। घर जाकर देखने पर चंद्रकली चारपाई पर घायल मिलीं। आसपास खून बिखरा हुआ था। पड़ोसी ही घायल दंपती को अस्पताल लेकर पहुंचे।
शुक्रवार दोपहर एसएसपी सुशील घुले, एसपी दक्षिणी मानुष पारीक मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम बुलाकर जांच कराई गई। पिता पर हमले की सूचना पर दोनों बेटे भी दिल्ली से आ गए। पड़ोसी आनंद बाबू की ओर से पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। अफसरों ने ग्रामीणों से बातचीत की तो नई जानकारियां मिलीं। पता लगा कि पड़ोस में रहने वाले भतीजे राजू की गतिविधियां संदिग्ध हैं। देर शाम घायल भोगराज की हालत में सुधार हुआ। उन्होंने पुलिस को दिए वीडियो बयान में बताया कि राजू ही दो अन्य लोगों को साथ लेकर घर में घुसा और हमला कर दिया।
भोगराज के बयान के बाद बेटे दयाशंकर व परिवार के लोगों से पुलिस ने जानकारी जुटाई तो पता लगा कि राजू के छोटे भाई की मौत कुछ साल पहले संदिग्ध हालात में हो गई थी। मौत पर सवाल उठे थे पर बिना किसी कार्रवाई या पोस्टमॉर्टम के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया था। भोगराज पूझा व झाड़फूंक से लोगों की परेशानी दूर करने का दावा करते थे।
बताते हैं कि राजू को शक था कि भोगराज के किसी टोने टोटके की वजह से उसके भाई की जान गई है। तभी से वह भोगराज से अंदरखाने बैर मानता था। राजू व उसका परिवार पंजाब में रहकर ईट भट्ठे आदि पर मजदूरी करता है। दो दिन पहले ही राजू पंजाब से अकेला घर आया था। भोगराज के बयान पर गौर करें तो यह स्पष्ट हो गया है कि इसी रंजिश को पूरा करने के लिए राजू ने चाचा-चाची पर हमला किया होगा।
महिला की हालत नाजुक
एसपी दक्षिणी मानुष पारीक ने दोनों अस्पतालों में जाकर घायलों का हाल देखा। भोगराज के सिर में कई टांके लगे हैं। जबकि चंद्रकली के सिर में फ्रेक्चर भी हुआ है। डॉक्टरों ने दोनों को खतरे से बाहर बताया है पर चंद्रकली की हालत ज्यादा नाजुक है।
एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने बताया कि भोगराज के घर का कोई सामान गायब नहीं था। अंदर के दोनों कमरे बंद थे। हमलावरों का इरादा केवल बुजुर्ग दंपती की जान लेना था। भोगराज ने वीडियो पर दिए बयान में भतीजे राजू का नाम खुलकर लिया है। राजू किसी वजह से उनसे रंजिश मानता था। उससे पूछताछ की जा रही है, जल्दी ही हकीकत सामने आ जाएगी।