नदी किनारे मिला बच्चे का शव: 19 अगस्त से लापता था सात साल का फैज, पिता ने पड़ोसी पर लगाया हत्या का आरोप
सिंतरा गांव निवासी इकबाल का सात वर्षीय बेटा शनिवार से लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। रविवार को उसका शव देवरियां नदी किनारे पड़ा मिला। परिजनों ने हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के देवरियां क्षेत्र के सिंतरा गांव से शनिवार शाम लापता हुए सात साल के बालक फैज का शव घर से करीब 500 मीटर दूर देवरनियां नदी के किनारे पड़ा मिला। परिजनों ने पड़ोसी पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस डूबने की वजह से मौत की बात कह रही है। मामले में अब तक रिपोर्ट भी दर्ज नहीं हुई है।
गांव के रहने वाले इकबाल ने बताया कि शनिवार शाम बेटा फैज (7) घर के बाहर खेल रहा था। खेलते समय वह लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। सुबह घर से करीब 500 मीटर दूर देवरनियां नदी के किनारे शव पड़ा देख लोगों ने सूचना दी। इकबाल ने बताया कि 17 अगस्त को बच्चों के विवाद में पड़ोसी से उसकी कहासुनी हो गई थी।
ये भी पढ़ें- Varun Gandhi: पीलीभीत में नेताओं पर बरसे वरुण गांधी, बोले- पहले थे रोटी के लाले, आज काफिलों के साथ चल रहे
आरोपी ने अपने परिजनों के साथ घर में घुसकर पिटाई की थी। आशंका है कि पड़ोसी ने ही हत्या करने के बाद शव फेंक दिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने डूबने से मौत की बात कही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों ने तहरीर देने की भी बात कही। हालांकि, पुलिस इससे इन्कार कर रही है।
पिटाई के आरोपियों का शांतिभंग में चालान
इकबाल ने 17 अगस्त को बच्चों के विवाद में पिटाई का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की थी। इस मामले में पुलिस ने रविवार को चार आरोपियों का शांतिभंग की आशंका में चालान किया।
देवरनियां थाने के इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह धामा ने बताया कि प्रथमदृष्टया नदी में डूबने से मौत की बात सामने आई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। अब तक तहरीर नहीं मिली है।