बस की टक्कर से महिला की मौत पर लगाया जाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दुर्घटना बृहस्पतिवार सुबह साढ़े दस बजे सुभाषनगर इलाके में बदायूं रोड पर स्थित महेशपुरा ठाकुरान रेलवे फाटक के पास हुई। गांव महेशपुरा निवासी कृष्णपाल स्कूटी से शहर में आधार कार्ड बनवाने आ रहे थे। स्कूटी पर उनकी पत्नी 40 वर्षीय मीरा देवी भी बैठी थीं। वह गांव से निकल कर जैसे ही रोड पर रेलवे क्रासिंग से कुछ पहले आए तो पीछे से आ रही मिनी बस ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। स्कूटी असंतुलित हुई तो पीछे बैठीं मीरा देवी सड़क पर गिर गईं। बस का पहिया ऊपर से उतर जाने पर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में कृष्णपाल भी जख्मी हो गए। चालक बस लेकर भाग निकला। जानकारी पाकर गांव के तमाम लोग सड़क पर आ गए। उन्होंने जाम लगा दिया। करीब आधा घंटे तक बदायूं रोड पर यातायात बाधित हो गया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। एसओ जेपी यादव ने बताया कि बस को करगैना चौकी पर पकड़ लिया गया है जबकि चालक भाग गया। भीड़ ने रोड पर ब्रेकर बनाने की मांग भी की। एसओ ने इस मसले को उच्चाधिकारियों के सामने रखने का आश्वासन दिया। इस पर भीड़ शांत हो गई और जाम खोल दिया। उधर, मीरा की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। उसकी तीन बड़ी बेटियों और एक बेटे का रो-रोकर बुरा हाल था।