Pilibhit News: ऑनलाइन गेम में पहले गंवाई रकम... फिर जान, कर्ज में डूबे युवक ने फंदा लगाकर की आत्महत्या
ऑनलाइन गेम खेलने में एक युवक ने अपनी सारी रकम गंवा दी। इसके बाद उस पर कर्जा हो गया। कर्जा न चुका पाने की स्थिति में उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीलीभीत में ऑनलाइन गेम खेलते-खेलते कर्ज में डूबे खकरा मोहल्ला निवासी युवक प्रशांत पाल उर्फ बिट्टू (27) ने घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। वह घर में अकेला था। बृहस्पतिवार दोपहर तक दरवाजा न खुलने पर पड़ोस में रहने वाले चाचा वहां पहुंचे तो घटना का पता चला।
प्रशांत एक मार्केटिंग कंपनी में डिलीवरी ब्वॉय था। उसके पिता कन्हैया लाल ने बताया कि दो फरवरी को वह पत्नी ध्रुवतारा के साथ दिल्ली में पढ़ाई कर रहे छोटे बेटे पंकज से मिलने गए थे। बुधवार को कंपनी से उनके पास फोन आया कि प्रशांत ने दो दिन का मार्केटिंग बिल जमा नहीं किया है। इस पर पिता ने दिल्ली से ही फोन कर प्रशांत से वजह पूछी। प्रशांत ने बीमार होने का हवाला देकर बृहस्पतिवार को बिल जमा करने के लिए जाने की बात कही।
इसके बाद बृहस्पतिवार दोपहर तक दरवाजा न खुलने पर पड़ोस में रहने वाले चाचा सोनू और बबलू ने आवाज दी, लेकिन प्रशांत का कोई जवाब नहीं मिला। झांककर देखा तो बरामदे में बल्ली के सहारे रस्सी के फंदे से प्रशांत का शव लटका पाया। पिता ने बताया कि प्रशांत ऑनलाइन गेम खेलता था। कई बार पैसा हार गया था। इससे वह तनाव में था।
मां के रुपये न देने से नाराज युवक ने की आत्महत्या
न्यूरिया थाना क्षेत्र के गांव छोटी फुलेहर निवासी युवक का शव बृहस्पतिवार सुबह पास के ही गांव सौकतनगर के रास्ते पर पीपल के पेड़ से लटका मिला। राहगीरों की सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। परिजन का कहना है कि मां के रुपये न देने से नाराज होकर युवक बुधवार को घर से चला गया था। जानकारी के बाद मौके पर पहुंची न्यूरिया पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गांव छोटी फुलेहर निवासी बेनीराम ने बताया कि उनका 22 वर्षीय पुत्र बुद्धसेन बुधवार को घर पर था। बुद्धसेन ने मां से रुपये मांगे। रुपये देने से मना करने पर वह नाराज हो गया। कहासुनी होने के बाद बुद्धसेन घर से चला गया। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चल सका। बृहस्पतिवार सुबह दस बजे गांव के पास सौकतनगर मार्ग किनारे एक पीपल के पेड़ से बुद्धसेन का शव लटका मिला।
राहगीरों ने युवक को पहचान लिया और परिजन को सूचना दी। सूचना पर न्यूरिया पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिवार वाले मां के रुपये न देने से नाराज होकर घर से जाने की बात बताई है। मामले की जांच की जा रही है।