Bareilly News: आठ हजार रुपये रिश्वत लेते चकबंदी लेखपाल गिरफ्तार, जमीन की पैमाइश के बदले मांगी थी रकम
बरेली में एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने चकबंदी लेखपाल को आठ हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। उसने एक किसान से पैमाइश के बदले रिश्वत ली थी।
विस्तार
बरेली में जमीन की पैमाइश के बदले आठ हजार रुपये घूस लेते चकबंदी लेखपाल हरीश कुमार को बुधवार को एंटी करप्शन टीम ने सहायक चकबंदी अधिकारी तृतीय कार्यालय से रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ सुभाषनगर थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। लेखपाल पर पहले भी आरोप लग चुके हैं, लेकिन इस बार वह एंटी करप्शन टीम के हत्थे चढ़ गया।
मूल रूप से बदायूं के कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला शिवपुरम का रहने वाला हरीश कुमार चकबंदी विभाग में लेखपाल है। उसकी तैनाती फरीदपुर तहसील में है। भुता थाने के गांव गजनेरा निवासी बाबूराम ने एंटी करप्शन में शिकायत की थी कि गजनेरा गांव में चक संख्या 773 की पैमाइश करने और चक संख्या 411 का संदर्भ बनाने के लिए लेखपाल हरीश कुमार घूस मांग रहा है।
लेखपाल ने बुधवार को बाबूराम को सहायक चकबंदी अधिकारी तृतीय के कार्यालय में रुपये लेकर बुलाया। हरीश ने एंटी करप्शन टीम को इसकी सूचना दे दी। ट्रैप टीम प्रभारी बब्बन खां ने औपचारिकताओं को पूरा किया। इसके बाद एक टीम सहायक चकबंदी अधिकारी तृतीय के कार्यालय पहुंच गई। दोपहर 1:30 बजे लेखपाल कार्यालय से बाहर आया। वहां बाबूराम ने उसको आठ हजार रुपये दिए। लेखपाल ने यह रुपये जैसे ही जेब में रखे, टीम ने उसे दबोच लिया।