विश्वविद्यालय का अजब कारनामा: भूगोल की परीक्षा में पूछे कॉर्मस के सवाल, परीक्षार्थियों का चकराया सिर
बरेली कॉलेज में रविवार को पहली पाली की परीक्षा में बीए प्रथम सेमेस्टर के 261 छात्र शामिल हुए, जिनमें से 70 विद्यार्थी भूगोल के थे। भूगोल के छात्रों का आरोप है कि पांच अति लघुउत्तरीय और एक लघुउत्तरीय प्रश्न कॉमर्स विषय के थे।
विस्तार
बरेली कॉलेज में परीक्षा दे रहे बीए के छात्र रविवार को उस समय हैरत में पड़ गए, जब उन्होंने भूगोल के प्रश्नपत्र में वाणिज्य के सवाल देखे। परीक्षार्थियों ने शिक्षक व प्राचार्य से आपत्ति जताई है। उन्होंने कुलपति को पत्र लिखकर मामले की जांच कराने और अतिरिक्त अंक प्रदान करने की मांग की है।
कॉलेज में रविवार को पहली पाली की परीक्षा में बीए प्रथम सेमेस्टर के 261 छात्र शामिल हुए, जिनमें से 70 विद्यार्थी भूगोल के थे। छात्र रवि ने बताया कि वह भौतिक भूगोल की परीक्षा देने आए थे। दो-दो नंबर के 10 अति लघुउत्तरीय प्रश्नों के जवाब देना अनिवार्य था, लेकिन उनमें से पांच सवाल हल करने के बाद हम संशय में पड़ गए, क्योंकि बाकी पांच सवाल पाठ्यक्रम से बाहर के दिखे। छात्रों ने शिक्षक को बताया, तो पता चल सका कि ये सवाल भूगोल के नहीं, बल्कि वाणिज्य (कॉमर्स) विषय के थे। लघुउत्तरीय प्रश्नों में भी एक सवाल वाणिज्य का था।
अपराजिता: पुष्पा ने छोटी बचत से शुरू किया कारोबार, आसपास की महिलाओं को भी बनाया आत्मनिर्भर
परीक्षा के बाद छात्र केंद्राध्यक्ष डॉ. भूपेंद्र सिंह के पास पहुंचे और उन्हें अवगत कराया। छात्रों ने फोन कर भूगोल विभाग प्रभारी डॉ. अक्षय कुमार शुक्ला को भी जानकारी दी। छात्रों का कहना था कि वे तैयारी करके आए थे। ऐसे में दूसरे विषय के सवाल दे दिए गए हैं तो अंक कम हो जाएंगे। कुलपति के नाम पत्र में छात्रों ने प्रश्नपत्र हल नहीं कर पाने की बात लिखी है। मामले की जांच कराने व अतिरिक्त अंक देने की मांग की गई।
ये थे वाणिज्य के प्रश्न
- अग्रिम याचना से आप क्या समझते हैं?
- ऋणपत्रों के शोधन की विभिन्न विधियों के नाम बताइए?
- सिंकिंग फंड का क्या आशय है?
- बैलेंस शीट की क्या उपयोगिता है?
- ख्याति के मूल्यांकन की आवश्यकता समझाइए।
- ख्याति के मूल्यांकन की विभिन्न विधियों का वर्णन करें?
बोले छात्र- इसका जिम्मेदार कौन
भूगोल के प्रश्नों को हल कर लेते, लेकिन वाणिज्य के प्रश्न दे दिए गए हैं। ऐसे में अंक कम आते हैं तो इसका जिम्मेदार कौन होगा? -अरविंद कुमार, परीक्षार्थी
पूरी तैयारी के साथ परीक्षा देने आए थे। वाणिज्य के सवालों ने काफी देर उलझाए रखा। परीक्षा के दौरान समय का भी नुकसान हुआ। -नीरज भट्ट, परीक्षार्थी
प्रश्नपत्र के प्रथम खंड के सभी सवाल हल करने थे, लेकिन पांच सवाल दूसरे विषय के दे दिए गए। इसका परिणाम पर असर पड़ेगा। -देवांश, परीक्षार्थी
प्रश्नपत्र में हुई त्रुटि को लेकर सभी ने पत्र लिखा है। अतिरिक्त अंक मिलने चाहिए, वरना बार-बार परेशानी का सामना करना पड़ेगा। -आयूष, परीक्षार्थी
बरेली कॉलेज के प्राचार्य प्रो. ओमप्रकाश राय ने बताया कि भूगोल के प्रश्नपत्र में वाणिज्य के सवालों होने की जानकारी मिली है। छात्रों की समस्याओं से विश्वविद्यालय को पत्र के माध्यम से अवगत कराया जाएगा। मामले में अंतिम निर्णय विवि स्तर से ही लिया जाएगा।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. अमित सिंह ने बताया कि बरेली कॉलेज में भूगोल की परीक्षा के प्रश्नपत्र में कॉमर्स के सवाल का मामला संज्ञान में आया है। मामले को विशेषज्ञ समिति के समक्ष रखा जाएगा। जांच करने के बाद समिति निर्णय लेगी।