UP: बरेली में अटल आवासीय विद्यालय तैयार, 25 मार्च को उद्घाटन करेंगे सीएम योगी, श्रम मंत्री ने किया निरीक्षण
Bareilly News: नवाबगंज के अधकटा नजराना गांव में अटल आवासीय विद्यालय बनकर तैयार हो गया है। 25 मार्च को सीएम योगी इसका उद्घाटन करेंगे। इसको लेकर प्रशासन तैयारियों में जुटा है। बृहस्पतिवार को श्रम मंत्री ने अफसरों के साथ विद्यालय का निरीक्षण किया।
विस्तार
बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र के अधकटा नजराना गांव में अटल आवासीय विद्यालय बनकर तैयार हो गया है। 25 मार्च को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका उद्घाटन करने बरेली आ सकते हैं। बृहस्पतिवार को श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर और प्रमुख सचिव डॉ. एमकेएस सुंदरम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास, सभागार, भोजनालय के साथ छात्र-छात्राओं की हो रही काउंसलिंग भी देखकर उनसे जानकारी की। इस मौके पर कमिश्नर सौम्या अग्रवाल, डीएम रविंद्र कुमार, एसडीएम अजय कुमार उपाध्याय, विधायक डॉक्टर एमपी आर्य आदि लोग मौजूद रहे। इससे पूर्व अधिकारियों ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर तैयारियां परखीं थी। श्रम विभाग यहां छठवीं और नौंवीं कक्षा में प्रवेश प्रक्रिया पहले ही पूरी कर चुका है।
इसी सत्र से शुरू होगी पढ़ाई
अधकटा नजराना गांव में 71 करोड़ रुपये की लागत से 15 एकड़ भूमि पर अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण कराया गया है। अब जल्द ही बरेली मंडल के श्रमिकों के मेधावी बच्चों को इसमें पढ़ाई का अवसर मिलेगा। विद्यालय में बनाए गए छात्रावास में 500 बालक व 500 बालिकाओं के ठहरने की व्यवस्था की गई है। इस सत्र के लिए छठवीं और नौंवीं में 140-140 विद्यार्थियों के प्रवेश हो चुके हैं। नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य ने मुख्यमंत्री से मिलकर इसके उद्घाटन के लिए समय मांगा है। इसी सत्र से यहां पढ़ाई शुरू कराई जाएगी।
डीएम ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम के मद्देनजर बुधवार को डीएम रविंद्र कुमार ने अधिकारियों के साथ मौके की हकीकत परखी। मुंसिफ कोर्ट में मुख्यमंत्री की जनसभा, मिनी स्टेडियम में हेलिपैड, हाईवे के किनारे पार्किंग की व्यवस्था का जायजा लिया। 23 मार्च तक सभी व्यवस्थाओं को पूर्ण करने की हिदायत दी। सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर अधूरे विकास कार्यों को पूर्ण कराने और गोशालाओं की हालत सुधारने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें- 91 दिन में इंसाफ: बदायूं में दुष्कर्म और हत्या के दोषी को फांसी की सजा, सात वर्षीय बच्ची से की थी दरिंदगी
डीएम रविंद्र कुमार ने बताया कि विद्यालय का निर्माण पूरा हो चुका है। बृहस्पतिवार को विभागीय मंत्री और प्रमुख सचिव भी बरेली आ रहे हैं। वह तैयारियां देखेंगे। इसके बाद ही मुख्यमंत्री के आने का कार्यक्रम तय होना है। संभावना है कि जल्दी ही मुख्यमंत्री के हाथों इसका शुभारंभ होगा। इसी साल से यहां शैक्षिक सत्र शुरू कराने की योजना है।
71 करोड़ से हुआ निर्माण
15 एकड़ में बना है विद्यालय
280 बच्चों का हो चुका प्रवेश
500 बालक व 500 बालिकाओं के लिए छात्रावास
एक साल में बन कर तैयार होगी आधुनिक लाइब्रेरी
रामगंगानगर आवासीय योजना में बीडीए की लाइब्रेरी के लिए फर्म के चयन को अंतिम रूप देने की तैयारी है। टेंडर का तकनीकी मूल्यांकन किया जा रहा है। मूल्यांकन के बाद फर्म को निर्माण की जिम्मेदारी दी जाएगी। निर्माण पूरा करने के लिए एक साल का मौका दिया जाएगा। बीडीए के उपाध्यक्ष मनिकंडन ए. ने बताया कि साल पूरा होने से पहले ही फर्नीचर आदि ले लिया जाएगा ताकि लोगों को आधुनिक लाइब्रेरी की सौगात दी जा सके।