बरेली: घर में घुसे नकाबपोश बदमाशों ने की तीन लाख की लूट, विरोध पर परिवार को पीटा, महिला का कान फटा
सीबीगंज क्षेत्र के सहसिया हुसैनपुर गांव में रविवार रात चार नकाबपोश बदमाशों ने ग्रामीण के घर धावा बोला। उन्होंने परिवार को बंधक बनाकर करीब ढाई लाख रुपये के आभूषण और 45 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर महिला का कान फाड़ दिया गया।
विस्तार
बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र के गांव सहसिया हुसैनपुर में नकाबपोश बदमाशों ने घर पर धावा बोलकर परिवार को बंधक बना लिया। करीब ढाई लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 45 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर परिवार के सदस्यों को पीटा। एक महिला का कान भी फाड़ दिया। आरोप है कि पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने घटना को लूट के बजाय चोरी की धारा में दर्ज किया है।
गांव निवासी कृष्ण पाल ने सीओ नितिन कुमार को बताया कि रविवार रात दो बजे चार नकाबपोश बदमाश दीवार कूदकर उनके घर में घुस आए। उनके हाथों में तमंचे, धारदार हथियार व डंडे थे। उन्होंने कृष्ण पाल और उनकी पत्नी सोमवती को तमंचे दिखाकर चारपाई पर ही बंधक बना लिया। बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया गया। बदमाशों ने सोमवती के कानों से कुंडल नोच लिए। इससे उनका कान फट गया। उनके हाथों से कंगन निकाल लिए।
स्थानीय बोली बोल रहे थे बदमाश
कृष्ण पाल के मुताबिक, बदमाशों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 45 हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। दो बदमाश नेकर पहने हुए थे। शायद वह चाहते थे कि परिवार को शक है कि कच्छा-बनियान गिरोह बाहर से आया है, जबकि उनकी बोली स्थानीय लग रही थी।
एसपी सिटी चिराग जैन ने बताया कि तहरीर के आधार पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। कुछ लोग बता रहे हैं कि लोगों के जागने होने पर खींचतान भी हुई थी। मेडिकल परीक्षण के आधार पर बल प्रयोग की धारा बढ़वा दी जाएगी।