UP Nikay Chunav: रविवार को बरेली आ रहे सीएम योगी, बदायूं और शाहजहांपुर में भी करेंगे जनसभाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सात मई को बरेली, बदायूं और शाहजहांपुर में जनसभाएं करेंगे। इसे लेकर भाजपा के पदाधिकारी और जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है।
विस्तार
नगर निकाय चुनाव के प्रथम चरण का मतदान खत्म होने के बाद दूसरे चरण के लिए प्रचार तेज हो गया है। बरेली मंडल में मतदाताओं को साधने के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सात मई को बरेली, बदायूं और शाहजहांपुर में जनसभाएं करेंगे।
बरेली मंडल में सात मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहली जनसभा बदायूं में होगी। वह यहां गांधी ग्राउंड में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री रविवार को पुलिस लाइन में हेलीपैड पर उतरेंगे। वहां से वह कार द्वारा गांधी ग्राउंड पहुंचेंगे। यहां सुबह 11 बजे उनकी जनसभा प्रस्तावित है। जनसभा के बाद कार से पुलिस लाइन हेलीपैड पर पहुंचेंगे, वहां से शाहजहांपुर रवाना होंगे।
बरेली कॉलेज में होगी जनसभा
बरेली में नगर निकाय चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरेली कॉलेज के हॉकी मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार शाहजहांपुर से विशेष हेलीकॉप्टर से मुख्यमंत्री दोपहर 3:45 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे। इससे पहले शाहजहांपुर में उनकी जनसभा होगी।
शाहजहांपुर में जनसभा के बाद दोपहर 3:50 बजे मुख्यमंत्री बरेली कॉलेज के हॉकी मैदान पहुंचेंगे। दोपहर 4:35 बजे जनसभा को संबोधित करने के बाद कार से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। शाम 4:45 बजे विशेष हेलीकॉप्टर से बरेली एयरपोर्ट फिर यहां से विशेष वायुयान से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।