UP News: मुख्यमंत्री योगी आज बरेली में, स्कूल चलो अभियान का करेंगे शुभारंभ; सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शहर में रहेंगे। वह बरेली कॉलेज मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस मौके पर सीएम योगी कई परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ भी करेंगे।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बरेली में होंगे। यहां से वह स्कूल चलो अभियान की शुरुआत करेंगे। साथ ही, जिले को 932 करोड़ रुपये की 132 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। सरकार के आठ साल पूरे होने पर जनता से भी रूबरू होंगे। उनके साथ बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह, श्रम मंत्री अनिल राजभर, सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व बरेली जिले के प्रभारी जेपीएस राठौर भी रहेंगे।
बरेली कॉलेज मैदान में होगी जनसभा
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी आधिकारिक सूचना के मुताबिक वह राजकीय विमान से लखनऊ से बरेली एयरपोर्ट आएंगे। यहां से हेलिकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। सुबह 11:30 बजे बरेली कॉलेज मैदान पर जनसभा को संबोधित करने के बाद विकास भवन में बरेली मंडल के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक लेंगे। इसके बाद सीएम नवाबगंज के अधकटा नजराना गांव में अटल आवासीय विद्यालय का उद्घाटन करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बरेली दौरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर लीं हैं। काफिले के साथ एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस रहेगी। कार्यक्रम स्थल बरेली कॉलेज मैदान पर एक सेफ हाउस बनाया गया है। साथ ही, चार अन्य अस्पतालों में चिकित्सा सुविधा रहेगी।
ये भी पढ़ें- UP News: बरेली कॉलेज में सीएम योगी की जनसभा कल, 932 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की देंगे सौगात
सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह के मुताबिक मुख्यमंत्री के बरेली में मौजूद रहने के दौरान जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। मिशन हॉस्पिटल, रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज, सीएचसी नवाबगंज में भी एहतियातन सेफ हाउस बनाए गए हैं। वहां संबंधित ग्रुप का रक्त, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं आदि की उपलब्धता है। मुख्यमंत्री विशेष संचारी रोग नियंत्रण मुहिम का शुभारंभ करेंगे। विभिन्न जिलों के लिए एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को करीब छह घंटे जिले में रहेंगे। उनके बरेली में रहने के दौरान सुरक्षा अभेद्य होगी। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर सोमवार को पुलिस लाइंस सभागार में एडीजी रमित शर्मा, आईजी डॉ. राकेश सिंह, डीएम रविंद्र कुमार व एसएसपी अनुराग आर्य ने सुरक्षा में तैनात अधिकारियों व पुलिस कर्मियों को ब्रीफिंग की।
यह होंगे सुरक्षा इंतजाम
12 एएसपी, 30 सीओ, 55 इंस्पेक्टर, 400 सब इंस्पेक्टर, 1,500 कांस्टेबल, 350 महिला कांस्टेबल, पांच कंपनी पीएसी, छह क्यूआरटी, सात ट्रैफिक इंस्पेक्टर, 50 ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर, एटीएस कमांडो पांच टीमें, एंटी ड्रोन एटीएस दो टीमें, सादे कपड़ों में पुलिस की 15 टीमें तैनात रहेंगी।