UP News: मुख्यमंत्री योगी ने बरेली में किया रात्रि विश्राम, सुबह कल्किधाम के भूमि पूजन के लिए हुए रवाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार रात 8:15 बजे अचानक बरेली पहुंचे। त्रिशूल हवाई अड्डे पर भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। यहां से वह सीधे सर्किट हाउस पहुंचे, जहां रात्रि विश्राम किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार रात बरेली पहुंचे। उन्होंने सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम किया। जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। वह सोमवार सुबह 8.50 बजे यहां से निकलकर 8:55 बजे पुलिस लाइन पहुंचे। फिर हेलीकॉप्टर से संभल के लिए रवाना हो गए। इस दौरान मेयर उमेश गौतम और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री संभल से प्रधानमंत्री के साथ दोपहर 12 बजे त्रिशूल एयरवेस पहुंचेंगे। सर्किट हाउस में विशेष सुरक्षा टीम के सदस्य मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री के आने से पहले बरेली में आदिनाथ चौक के लोकार्पण का की तैयारी स्मार्ट सिटी के अधिकारियों और महापौर ने की थी लेकिन मुख्यमंत्री शाम 8.15 बजे त्रिशूल एअरपोर्ट पर आए पर, कहीं किसी कार्यक्रम या लोकार्पण के लिए नहीं रुके। वह एयरपोर्ट से सीधे सर्किट हाउस पहुंचे।
वहां महापौर उमेश गौतम ने उनसे कुतुबखाना पुल को महादेव पुल का नाम देने के साथ लोकार्पण करने, नाथ महोत्सव में मुख्य अतिथि बनने के लिए आग्रह किया। मुख्यमंत्री की ओर से संकेत मिले कि अगर 28 फरवरी से पहले पुल बन जाता है और आचार संहिता नहीं लगती है तो वह आएंगे।
डमरू का लोकार्पण टला
रविवार सुबह से ही सीएम योगी के बरेली आने व आदिनाथ तिराहे पर डमरू का लोकार्पण करने की सूचना पर पुलिस तैनात रही। रात में सीएम के सर्किट हाउस जाने के बाद पुलिस को वहां से हटाया गया।
नाथ नगरी सर्किट के तहत डेलापीर तिराहे को आदिनाथ चौराहे का नाम देकर सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। यहां भगवान शिव के डमरू के प्रतीक को विशालकाय रूप में लगाया गया है। हालांकि तमाम काम अभी अधूरे हैं। रविवार सुबह से ही बरेली में सीएम के आने और डमरू के प्रतीक का लोकार्पण करने की सूचना थी। प्रशासन से मिले इनपुट के बाद पुलिस विभाग ने इसके लिए भारी भरकम तैयारी की।
एयरफोर्स स्टेशन से लेकर डमरू के आसपास तक सभी इलाकों में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें बनाकर लगा दी गईं। एसपी देहात मुकेश चंद्र मिश्रा को आदिनाथ चौराहे का सुरक्षा प्रभारी बनाया गया था। यहां कई इंस्पेक्टर व पुलिस लगी थी। रात में जब सीएम सर्किट हाउस पहुंच गए और ये तय हो गया कि वह इधर नहीं आएंगे तो अधिकारी और फोर्स को मौके से हटाया गया।