विपक्ष पर बरसे सीएम योगी: बोले- पहले राम का नाम लेने पर चल जाती थी गोली, अब यूपी में आस्था-आजीविका का संगम
CM Yogi in Bareilly: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकसभा चुनाव से पहले बरेली को 64 परियोजनाओं की सौगात दी। बुधवार को बरेली कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम के मंच से 141.14 करोड़ की लागत से तैयार पांच परियोजनाओं का लोकार्पण और 187.29 करोड़ की 59 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसके बाद जनसभा को संबोधित किया।
विस्तार
बरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि एक समय था, जब आस्था के सम्मान के नाम पर राम का नाम लेने पर ही लाठी और गोली चल जाती थी, लेकिन आज आस्था का भरपूर सम्मान हो रहा है। अयोध्या में रामलला फिर से विराजमान हुए हैं। प्रदेश नौजवानों की आजीविका का केंद्र बना है। नये भारत के नये उत्तर प्रदेश में सुरक्षा है तो समृद्धि भी है। आजीविका है तो आस्था का सम्मान भी है। यहां संस्कृति के संवर्धन के लिए कार्य भी हैं। यूपी में आस्था और आजीविका का अद्भुत संगम है।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को बरेली कॉलेज मैदान से महादेव सेतु समेत 328.43 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 64 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज बेटी और व्यापारी की सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था है। क्या यह सुरक्षा का वातावरण समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के लोग दे पाते? क्या आजीविका का प्रबंध ये लोग कर पाते? क्या आपकी आस्था का सम्मान कर पाते? उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य से बदलकर देश के ग्रोथ इंजन के रूप में सामने आया है। देश में कहीं भी जाइए लोग आपको सम्मान और आशा भरी निगाहों से देखते हैं। देश की समस्या का समाधान भी आपमें देखते हैं। अब सुरक्षा समेत निवेश का वातावरण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश बदल चुका है। अब हम कह सकते हैं कि हम विकसित भारत के नागरिक हैं। भारत ने पिछले दस वर्ष में जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में जो अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। उसके कारण दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है। पूरी दुनिया आज भारत की तरफ आशा भरी निगाहों से देख रही है। दुनिया में कहीं कोई संकट आता है तो लोग भारत की ओर आशा भरी निगाहों से देखते हैं। भारत का सम्मान बढ़ने का मतलब है कि भारत के हर नागरिक का सम्मान बढ़ा है। भारत की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। अब दुश्मन भारत की सीमा का अतिक्रमण नहीं कर सकता।
भारत को कोई छेड़ेगा तो छोड़ेंगे नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत को कोई आंखें नहीं दिखा सकता। अगर कोई आंख दिखाएगा तो भारत इतनी सामर्थ्य रखता है कि उसकी आंखें निकालकर उसके हाथ पर रखकर वापस कर सकता है। ये नया भारत है, छेड़ता नहीं है, लेकिन अगर कोई छेड़ता है तो उसे छोड़ता भी नहीं है। नये भारत में आज इंफ्रास्ट्रक्चर के बड़े-बड़े कार्य हो रहे हैं। हाइवे, रेलवे, एयरपोर्ट, वाटर-वे आईआईटी, एम्स, हर जिले में मेडिकल कॉलेज, आईटी पार्क और इसके साथ ही नए तरीके से कार्य कर रहे हैं। सीमाएं सुरक्षित हुईं हैं। नक्सलवाद और आतंकवाद लगभग समाप्त हो चुका है। देश के अंदर कल्याणकारी योजना का लाभ हर वर्ग को बिना भेदभाव मिल रहा है।
1.10 करोड़ नौजवान सीधे नौकरी पाएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों लखनऊ में हुई जीबीसी में 10.5 लाख करोड़ के निवेश यूपी में आये हैं। इससे 35 लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा। ये प्रोजेक्ट जब धरातल पर उतरेंगे तब 1.10 करोड़ नौजवान सीधे नौकरी पाएगा। तब प्रदेश नई पहचान बनाएगा।
महादेव पुल तक नहीं पहुंचे सीएम
मुख्यमंत्री के शहर आगमन के साथ ही कयास लगाए जा रहे थे कि महापौर उनको महादेव पुल तक ले आएंगे। सीएम जब पुल से चंद कदमों की दूरी पर स्थित जीआईसी मैदान पर बने ऑडिटोरियम में आए तो एक बार ऐसा लगा भी। अधिकारी सतर्क हो गए। पुल पर फीता लगा दिया गया, बुके मंगवाए गए। पुलिस ने सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया लेकिन मुख्यमंत्री चौपुला से श्यामगंज पुल होते हुए लौट गए।
बरेली कॉलेज के मैदान से महादेव पुल के ऑनलाइन लोकार्पण के बाद तय कार्यक्रम के मुताबिक सीएम को वहां से आदिनाथ चौराहे पर जाना था पर वह जीआईसी के ऑडिटोरियम में पहुंच गए। वहां प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा। इसके बाद उनके महादेव पुल पर पहुंचने के कयास लगाए जा रहे थे पर वह चौपुला होते हुए लौट गए। इस वजह से वहां जुटे लोग भी निराश होकर लौट गए। मुख्यमंत्री का महादेव पुल तक नहीं पहुंचने को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
जाम में फंसीं एंबुलेंस, पुलिस ने निकलवाया
पुल के पास भीड़ जुटने की वजह से जिला अस्पताल जा रही एंबुलेंस जाम में फंस गई। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने एंबुलेंस को निकलवाया। इसके बाद वहां से गुजर रहीं तीन-चार एंबुलेंस और फंसी, जिन्हें बमुश्किल निकलवाया गया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.