फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   cm vijit

सीएम से कई उम्मीदें लगाए हुए है स्मार्ट बरेली

Tue, 08 Sep 2015 01:52 AM IST
बरेली
बरेली Updated Tue, 08 Sep 2015 01:52 AM IST
विज्ञापन
बरेली।  अपने कार्यकाल में दूसरी बार बरेली आ रहे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से शहर कई उम्मीदें लगाए हुए है। बरेली के स्मार्ट शहर की सूची में आने के बाद ये अपेक्षाएं और बढ़ गई हैं। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सरकारी विभागों और जनप्रतिनिधियों ने 8.19 अरब के कामों के प्रस्ताव जिलाधिकारी के माध्यम से भेजे गए हैं। इनमें कितने प्रस्तावों को स्वीकृति मिली है। ये अंतिम क्षण तक तय नहीं हो सका है। प्रशासन के मुताबिक विभिन्न विभागों से जो प्रस्ताव आए हैं, उनमें चार अरब के प्रस्ताव ही स्वीकृत होने लायक हैं।
विज्ञापन

24 सड़के, चार पुल
लोक निर्माण विभाग की ओर से 36 कामों के प्रस्ताव भेजे गए हैं। सेतु निगम से चार पुलियों के निर्माण के प्रस्ताव हैं। पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड, निर्माण खंड, निर्माण खंड एक से ग्रामीण क्षेत्रों में 24 नई सड़कों के निर्माण के प्रस्ताव हैं। इसके अलावा मंडी परिषद और राजकीय निर्माण निगम से भी प्रस्ताव भेजे गए हैं। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता संजीव भारद्वाज ने बताया कि पीडब्ल्यूडी, सेतु निगम, राजकीय निर्माण निगम की ओर से भेजे गए 36 प्रस्तावों में कितने स्वीकृत हुए हैं और मुख्यमंत्री कितने प्रस्तावों की घोषणा करेंगे इसकी जानकारी नहीं हो पायी है।
विज्ञापन


 नगर निगम के करीब दो अरब के प्रस्ताव
नगर निगम के नए भवन निर्माण के लिए 15 करोड़, आईवीआरआई से डेलापीर तक फोरलेन सड़क के लिए 11.84 करोड़, डेलापीर से हवाई अड्डे तक सड़क चौड़ीकरण और खाली जमीन पर ग्रीन बेल्ट विकसित करने के लिए 10.53 करोड़, सेटेलाइट बस अड्डे को सेटेलाइट से रोडवेज की वर्कशाप में शिफ्ट करने की घोषणा करने, मंडल मुख्यालय के परसाखेड़ा से मिनी बाईपास, सेटेलाइट चौराहे से बड़ा बाईपास, पीलीभीत बाईपास से विलयधाम होते हुए बड़ा बाईपास तक मार्गों के चौड़ीकरण के लिए 82.0 करोड़ करोड़ की मांग रखेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन


बीडीए चाहता है 60 करोड़ का पार्क
बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने पुरानी जेल की 70 एकड़ जमीन पर 60 करोड़ की लागत से पार्क बनाने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री की घोषणा के लिए भेजा है। चीफ इंजीनियर अजय सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री अगर पार्क के निर्माण की घोषणा करते हैं तो स्मार्ट सिटी की मुहिम में ये अहम कदम होगा।  

मेयर का अहम मुद्दा सोलिड वेस्ट प्लांट
मेयर डा. आईएस तोमर ने मुख्यमंत्री से रजऊ परसपुर में 21.20 एकड़ जमीन पर 13.86 करोड़ की लागत से स्थापित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट चालू कराने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से एनओसी दिलाने की मांग रखी है। मेयर का कहना है कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने पीसीबी से एनओसी लेकर प्लांट चलाने की अनुमति दे रखी है। लेकिन पीसीबी बार-बार आवेदन करने के बाद भी एनओसी नहीं दे रहा। मुख्यमंत्री से एनओसी दिलाने के लिए हस्तक्षेप की मांग की गई है।

ये दिल मांगे मोर, तीन ओवर ब्रिज चाहिए

 इससे पहले 10 जून 2013 को रुहेलखंड विश्वविद्यालय में लैपटाप वितरण समारोह में आए मुख्यमंत्री ने शहर को 2.25 अरब की घोषणाएं की थी।  कुदेशिया फाटक ओवरब्रिज भी बन चुका है लेकिन शहर को कम से कम तीन नए फ्लाईओवरों की जरूरत है। राजकीय मेडिकल कालेज, मेगाफूड पार्क बनना समेत लंबित पड़े इन मसलों पर मुख्यमंत्री की नजरें इनायत हो जाएं तो शहर का नक्शा बदल जाएगा।
शहामतगंज फ्लाईओवर
 शहामतगंज से शाहदाना तक प्रतिदिन सुबह 10 से रात 12 बजे तक हर आधे घंटे में जाम लगता है। 10 जून 2013 को आपने लैपटॉप वितरण समारोह में शहामतगंज में फ्लाईओवर निर्माण की मांग का समर्थन किया था। यहां फ्लाईओवर बनने से शाहदाना रोड पर जाम से छुटकारा मिलेगा। शहर के अंदर वाहनों का आवागमन आसानी से हो सकेगा।
आईवीआरआई ओवरब्रिज
 इस ओवरब्रिज के बनने से नैनीताल रोड जाने वाले वाहन जाम मुक्त जा सकेंगे। रेलवे फाटक बंद होने पर हर आधे घंटे में जाम लगता है। ओवरब्रिज बनने से नैनीताल जाने वाले और शहर के अंदर आने वाले वाहन आसानी से आ जा सकेंगे।
लाल फाटक ओवरब्रिज
 बदायूं रोड पर लाल फाटक ओवरब्रिज की मांग 10 साल पुरानी है। सेतु निगम लाल फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण का प्रस्ताव भेज चुका है। राज्य सरकार से ये प्रस्ताव रेलवे को भी भेजा जा चुका है। रेलवे से अभी तक इस दिशा में प्रगति नहीं हो पा रही है। इस  फ्लाईओवर के बनने से रेलवे क्रासिंग पर रोजाना लगने वाले जाम से छुटकारा मिलेगा।

मेगाफूड पार्क
तहसील बहेड़ी में 250 एकड़ जमीन पर मेगाफूड पार्क के लिए जमीन का हस्तांतरण राजस्व परिषद से यूपीएसआईडीसी को होना है। जिलाधिकारी 19 दिसंबर 2013 को इस बारे में प्रस्ताव भेज चुके हैं। सपा के नेता भी इसकी पैरवी में लगे हैं।
स्वास्थ्य सेवाएं बेहाल
जिला अस्पताल में आईसीयू नहीं  है। डायलिसिस यूनिट नहीं चल रही है। बर्न वार्ड में प्लास्टिक सर्जन नहीं हैं। चर्म रोग विशेषज्ञ न होने से मंडल से प्रतिदिन औसतन तीन सौ मरीजों का इलाज नहीं हो पा रहा है।
खेलों पर मेहरबानी की उम्मीद
शहर में बैडमिंटन का अंतर्राष्ट्रीय कोर्ट बनाने की मांग लंबे समय से चल रही है।  स्टेडियम में व्यवस्था नहीं है।  हाकी, बैडमिंटन, बाक्सिंग, तैराकी, नेटबाल, हैंडबाल, तीरंदाजी, कुश्ती के कोच नहीं है।
जर्जर स्कूल भवन
 शहर में 45 स्कूल जर्जर भवनों में किराये पर चल रहे हैं।  बच्चों के लिए शौचालयों के इंतजाम नहीं हैं।
पीलीभीत रोड पर रहम
पीलीभीत रोड पर दो साल पहले फोरलेन बनाने का काम प्रारंभ किया गया। कार्यदाई संस्था ने सड़क खोद डाली। अब संस्था का पता नहीं। नई सड़क बनी नहीं और पुरानी सड़क खोद देने से प्रतिदिन गुजरने वाले वाहनों को परेशानी हो रही है। नवाबगंज से बरेली के बीच की सड़क खस्ताहाल है। ये मंत्री भगवतसरन गंगवार का इलाका भी है।


और ये अधूरी योजनाएं

-स्टेडियम का सौंदर्यीकरण और सुदृढ़ीकरण-
-रोड और फोरलेन का निर्माण-
- वकीलों को बैठने के लिए चैंबरों का निर्माण
-गांधी उद्यान का सौंदर्यीकरण-
-लीलौर झील का सौंदर्यीकरण-
-इंटीग्रेटेड एग्रो मिल्क प्रोजेक्ट एवं पशु उत्थान वर्ण संकर केंद्र
- शेरगढ़ के मदनापुर गांव में सेतु निर्माण।
-दमखोदा ब्लाक के गांव चका चौड़ेरा-मुड़िया नवीबक्श मार्ग पर बैगुल नदी पर पुलिया निर्माण।
-नवाबगंज के दावीखेड़ा में पुल निर्माण।


200 छात्रों को मिलेंगे लैपटॉप
अलगृअलग वर्ग के दस छात्रों को खुद सौंपेंगे सीएम

बरेली। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में 200 विद्यार्थियों को लैपटॉप दिया जाएगा। इसमें से 10 विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री खुद लैपटॉप देंगे। इन विद्यार्थियों के चयन में सोशल इंजीनियरिंग का पूरा ध्यान रखा गया है। ये हर वर्ग का प्रतिनिधित्व रखेंगे। यानी, इसमें ओबीसी, एससी, एसटी, मुस्लिम, ब्वॉयज और गर्ल्स हर वर्ग का प्रतिनिधित्व करेंगे। इनका चयन लखनऊ से होकर आया है। 10वीं और 12वीं की परीक्षा 85 फीसदी से ज्यादा अंकों के साथ उत्तीर्ण करने वालों को लैपटॉप देने के लिए चयनित किया गया है। मुख्यमंत्री मंच पर दस विद्यार्थियों को लैपटॉप देंगे। उसी समय नीचे पंक्ति में बैठे बाकी के विद्यार्थियों को पंक्ति के इंचार्ज लैपटॉप बांटेंगे।
 
सुरक्षा कमान खुद आईजी संभालेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। मंगलवार को जिले के एक दिवसीय दौरे पर आ रहे प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सुरक्षा की कमान आईजी विजय सिंह मीना ने स्वयं संभाल ली है। जोन भर से चुने गए पुलिस कर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है। सोमवार को  मुख्यमंत्री की फ्लीट का रिहर्सल भी हुआ।
सोमवार को कमिश्नर प्रमांशु, आईजी विजय सिंह मीना, डीआईजी आरकेएस राठौर, डीएम गौरव दयाल समेत कई अफसर स्पोर्ट स्टेडियम पहुंचे। यहां सभागार कक्ष में अफसरों ने अधीनस्थों को सीएम की सुरक्षा में लगाई गई ड्यूटी के बारे में समझाया। इसके बाद अफसरों ने कार्यक्रम स्थल पर बनाए जा रहे मंच का निरीक्षण किया। फिर एयरफोर्स से स्टेडियम तक सीएम की फ्लीट का रिहर्सल भी हुआ। शाम पांच बजे एयरफोर्स गेट से स्टेडियम तक आठ स्वागत द्वार बनाए गए हैं, जिन पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
00
 छह एएसपी, 16 सीओ लगाए गए सुरक्षा में
बरेली जोन के शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, अमरोहा, पीलीभीत, मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर से छह अपर पुलिस अधीक्षक, 16 पुलिस क्षेत्राधिकारी, 60 इंस्पेक्टर, 176 सब इंस्पेक्टर, 25 महिला सब इंस्पेक्टर, 105 एचसीपी, 1032 कांस्टेबिल और सौ महिला कांस्टेबिल सीएम के दौरे की सुरक्षा में लगाए गए हैं।
00
एयरफोर्स से संजयनगर तिराहे तक नहीं चलेंगे वाहन
मंगलवार को मुख्यमंत्री के आवगमन के दौरान एयरफोर्स गेट से संजय नगर तिराहे तक वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी जाएगी। पीलीभीत की तरफ से आने वाले वाहनों को सेटेलाइट की तरफ, नैनीताल की ओर से आने वाले वाहनों को डेलापीर की बजाए सीधे कुदेशिया ओवरब्रिज से मनोहर भूषण इंटर कॉलेज की तरफ भेजा जाएगा।



आप कार्यकर्ता काले झंडे दिखाएंगे
बरेली। आम आदमी पार्टी  के प्रवक्ता डॉ. हरीश गंगवार ने बताया कि बढ़ते अपराध, महिला सुरक्षा तथा अन्य जनसमस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने के लिए जिला प्रशासन से मुलाकात कराने की मांग की थी। इसके लिए डीएम कार्यालय में पत्र दिया गया था कि आप का 15 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात करना चाहता है लेकिन प्रशासन ने पत्र का कोई जवाब नहीं दिया। इसीलिए डीडीपुरम चौराहा के पास काले झंडे दिखाएंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed