भोजीपुरा। पल्स पोलियो अभियान में डब्ल्यूएचओ के मॉनीटर और स्वास्थ्य विभाग के बीच घमासान मच गया है। मॉनीटर ने कंपोजिट विद्यालय सब्जीपुर खाता में पोलियो दिवस पर बूथ बंद होने की रिपोर्ट बीएसए को भेज दी, जिस पर प्रभारी चिकित्साधिकारी, ग्राम प्रधान, आशा वर्कर व कार्यकर्ताओं ने विद्यालय के खुलने, बच्चों को खुराक पिलाने की पुष्टि करते हुए बीएसए को पत्र भेजा है।
ब्लाॅक क्षेत्र भोजीपुरा के गांव सब्जीपुर खाता में कंपोजिट विद्यालय को पोलियो बूथ बनाया गया। इसको चेक करने पहुंचे डब्ल्यूएचओ के मॉनीटर अर्सलान जब यहां पहुंचे तो पोलियो अभियान में लगी टीम विद्यालय के बाहर खड़ी थी। मॉनीटर अर्सलान ने विद्यालय के स्टाफ के खिलाफ पल्स पोलियो अभियान में विद्यालय बंद रखने की रिपोर्ट बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेज दी, जब विद्यालय स्टाफ का वेतन रोका गया, तब प्रधानाध्यापक को जानकारी हुई। विद्यालय स्टाफ के समर्थन में सब्जीपुर खाता की प्रधान सुनीता देवी पोलियो अभियान में लगी। ग्राम प्रधान व पोलियो अभियान में लगी टीम ने संयुक्त रूप से बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर इस बात की पुष्टि की। साथ ही मॉनीटर पर स्कूल का गेट बंद करवाकर फोटो खींचने का आरोप लगाया है। प्रभारी चिकित्साधिकारी भोजीपुरा डाॅ. सतीश चौधरी ने भी विद्यालय खुलने व पोलियो बूथ लगाने व बच्चों को ड्रॉप पिलाने का दावा किया है। संवाद