Bareilly News: पत्नी और ससुरालवालों ने लिखवाए कई मुकदमे, परेशान कारपेंटर ने कर ली आत्महत्या
बरेली में एक युवक ने आत्महत्या कर ली। उसका शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पत्नी और ससुरालवालों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
विस्तार
बरेली में महिला ने अपने मायकेवालों के साथ मिलकर कारपेंटर पति पर कई मुकदमे करवा दिए। पति पर मकान बेचकर 25 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया। तनाव में आकर पति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कारपेंटर के भाई ने आठ लोगों पर कोतवाली में आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस जांच में जुट गई है।
आजमनगर निवासी ताज ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि पांच साल पहले उनके छोटे भाई इस्लाम का निकाह इसी इलाके की निवासी शहाना से हुआ था। निकाह के बाद शहाना, उसकी मां और पांचों भाई इस्लाम को प्रताड़ित करते थे। शहाना और उसके मायके वालों ने रिश्तेदार वसीम से मिलकर इस्लाम पर कई फर्जी केस दर्ज करा दिए। आरोप लगाया कि पांच अप्रैल को इस्लाम दुकान से लौट रहे तभी शहाना, नसरीन मुन्ना, इमरान, अन्ना, जुबैर, भोलू और वसीम ने उनकी पिटाई कर दी।
यह भी पढ़ें- UP: धमाके से कांपी धरती... आसमान से खेत में गिरी भारी भरकम चीज, बरेली में हुई ऐसी घटना, अचंभित रह गए लोग
मकान बेचकर उन पर 25 लाख रुपये देने का दबाव बनाया। रुपये नहीं देने पर हत्या करने की धमकी दी गई। अवसाद में आए इस्लाम ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कोतवाली पुलिस आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना में जुट गई है। सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव का कहना है कि आरोपों की प्रमाणिकता के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाई ताज ने बताया कि उनकी भाभी ने मुआवजा व भरण पोषण के लिए कोर्ट में मुकदमा डाला था। कोर्ट ने इस्लाम को आदेश दिया कि वह अपनी पत्नी को 2 लाख 80 हजार रुपये दें। इस्लाम फर्नीचर के कारखाने में मजदूरी पर काम करते थे। मामूली कारपेंटर के लिए यह रकम बहुत बड़ी थी। काफी प्रयास करके व कर्ज लेकर उन्होंने 60 हजार रुपये जुटाए और अदा कर दिए लेकिन वह कोर्ट के आदेश को पूरा कर सके। इस बारे में उन्हें टोका जा रहा था, बाकी रकम न देने पाने से इस्लाम परेशान थे।
शादी के तीन महीने बाद बिगड़ने लगे रिश्ते
ताज के मुताबिक उनकी भाभी का घर पड़ोस में ही था। इस्लाम की शादी के तीन महीने बाद ही पति-पत्नी के रिश्तों में दरार आने लगी। भाभी अपने मायके चली गईं और उनके भाई पर गंभीर आरोप लगाए। इस्लाम पर गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज करवा दिए। धीरे-धीरे मामला कोर्ट तक पहुंच गया। बताया कि भाभी इस्लाम पर मकान बेचकर 25 लाख रुपये देने का दबाव बना रही थीं।
इस्लाम के दूसरे भाई हसीब ने आरोप लगाया कि इस्लाम को उनकी पत्नी व ससुरालवाले मिलकर पीटते थे। उन्हें अक्सर ही नया मुकदमा दर्ज कराने की धमकियां दी जाती थीं। इससे इस्लाम बुरी तरह टूट चुके थे। वह अपने भाइयों व परिवार के लोगों को अपनी परेशानी बताते थे पर कोई उनकी मदद नहीं कर पा रहा था। इस्लाम घुट-घुटकर जी रहे थे, इसी उलझन में उन्होंने अपनी जान दे दी।