Bank Scam: बरेली में फर्जीवाड़ा कर हड़पी थी किसानों की सम्मान निधि, आरोपी शाखा प्रबंधक गिरफ्तार
बरेली के जिला सहकारी बैंक की दो शाखाओं में हुए 1.80 करोड़ रुपये के घोटाला मामले में पहली गिरफ्तारी हुई है। जिला सहकारी बैंक फरीदपुर के शाखा प्रबंधक गौरव वर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसे जेल भेजा गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में जिला सहकारी बैंक की फरीदपुर व कनमन शाखा में 1.80 करोड़ रुपये घोटाले के बाद सोमवार को पहली गिरफ्तारी हुई। निलंबित शाखा प्रबंधक गौरव वर्मा को फरीदपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इस कार्रवाई के बाद घोटाले के अन्य आरोपियों की नींद उड़ गई है। गिरफ्तार आरोपी हरदोई जिले के माधोगंज थाना के सेलापुर गांव का रहने वाला है।
फरदीपुर थाने के इंस्पेक्टर क्राइम रविंद्र कुमार नैन ने बताया कि गिरफ्तार निलंबित शाखा प्रबंधक गौरव वर्मा से पूछताछ की गई। उसने बताया कि वह मई 2022 से जिला सहकारी बैंक की फरीदपुर शाखा में प्रबंधक के पद पर तैनात था। इस दौरान उसके साथी लिपिक/कैशियर चंद्र प्रकाश और दीपक पांडेय भी थे। उससे पहले मुकेश कुमार गंगवार शाखा प्रबंधक थे। उनके कार्यकाल में किसान सम्मान निधि और विधवा पेंशन योजना में प्राप्त धनराशि में लगभग 40-45 लाख रुपये का गबन हुआ था।
यह भी पढ़ें- Budaun News: कोर्ट के आदेश पर इंस्पेक्टर, चार दरोगा समेत 12 के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जानें क्या है पूरा मामला
गौरव ने पुलिस को बताया कि उसकी नियुक्ति के दौरान भी करीब 80-90 लाख रुपये का गबन हुआ है। वह लिपिक चंद्र प्रकाश के कहने में आ गया था। चंद्र प्रकाश को अपने कंप्यूटर सिस्टम का आईडी-पासवर्ड दे रखा था। चंद्र प्रकाश ने ही उसके कंप्यूटर सिस्टम से 550 लोगों के खाते गलत आधार नंबर मैपिंग कर खोल दिए थे। किसान सम्मान निधि व विधवा पेंशन के पात्रों के खातों से 90 लाख रुपये निकाल लिए हैं। अभी भी लगभग 60 लाख रुपये बैंक में बचे हैं। इंस्पेक्टर क्राइम ने बताया कि गिरफ्तारी करने वाली टीम में दरोगा लोकेश तोमर व कांस्टेबल महेश भी शामिल थे।
पत्नी के साथ थाने पहुंचा था गौरव
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार गौरव वर्मा अपनी पत्नी के साथ रविवार को फरीदपुर थाने आया था। उसकी पहचान होते ही पुलिस ने उसे दबोच लिया और सोमवार को जेल भेज दिया। हालांकि, उसकी पत्नी थाने के इंस्पेक्टर से पति के निर्दोष होने की बात कहकर छोड़ने के लिए गुहार लगाती रही। बाद में वह थाने से निकल गई थी। सहकारी बैंक अधिकारियों के मुताबिक गौरव वर्मा की पत्नी बाराबंकी जनपद में जिला सहकारी बैंक मुख्यालय में शाखा प्रबंधक है।
फरीदपुर थाने के तीन नामजद अभी भी पुलिस से दूर
इंस्पेक्टर क्राइम ने बताया कि फरीदपुर बैंक शाखा में हुए घोटाले में चार बैंक कर्मी नामजद अभियुक्त हैं। इसमें दो शाखा प्रबंधक और इतने ही लिपिक/कैशियर हैं। शाखा प्रबंधकों में हाफिजगंज थाने के गांव अहमदाबाद निवासी शाखा प्रबंधक मुकेश कुमार गंगवार व हरदोई का गौरव वर्मा हैं। जिसमें गौरव गिरफ्तार हो गया है। अन्य तीनों अभी गिरफ्त में नहीं आ सके हैं।
लिपिक/कैशियर चंद्र प्रकाश गंगवार बरेली महानगर के तुलसी नगर में मकान नंबर-23 और दीपक पांडेय लखनऊ में कानपुर रोड पर 107 एलडीए कॉलोनी का निवासी है। इन लोगों के विरुद्ध वरिष्ठ सहायक अंकित कुमार की तहरीर पर आठ जुलाई 2025 को फरीदपुर थाने में नामजद एफआईआर दर्ज हुई थी।