लोकसभा चुनाव: सहसवान और गुन्नौर में सपा की किलाबंदी तोड़ने में जुटी भाजपा, अखिलेश ने खुद संभाला मोर्चा
बदायूं लोकसभा सीट पर कब्जा बरकरार रखने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। सपा के परंपरागत यादव मतों में सेंधमारी करने के लिए भाजपा ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को चुनाव मैदान में उतारा। उन्होंने गुन्नौर में मुख्यमंत्री योगी के साथ जनसभा की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं लोकसभा क्षेत्र में सहसवान और गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र में यादव मुस्लिम गठजोड़ की बदौलत सपा मजबूत रही है। गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र के बबराला में शुक्रवार को सपा के परंपरागत यादव मतों में सेंधमारी करने के लिए भाजपा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को लेकर पहुंची। सभा में मोहन यादव के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंचे। दोनों नेताओं ने सपा पर सियासी वार किए। मोहन यादव ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर यादवों की अनदेखी और परिवार की राजनीति करने का आरोप लगाकर प्रहार किए।
सहसवान और गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र में साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा हारी थी। अगर बिल्सी, बिसौली और सदर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा लीड हासिल नहीं करती तो मामूली अंतर से संघमित्रा मौर्य जीत नहीं पातीं। वह 18,454 मतों के अंतर से जीती थीं। भाजपा ने सबक लेकर यादव मतों में बंटवारे की मंशा से सपा से जुड़े कई पूर्व व वर्तमान ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों को भाजपा में शामिल किया है।
बरेली में गरजे सीएम योगी: कहा- गोकशी के बारे में सोचने वालों के लिए खोल दिए जाएंगे जहन्नुम के द्वार
यादव बहुल गुन्नौर क्षेत्र के बबराला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव की चुनावी सभा ने यादव मतों को आकर्षित किया है। मोहन यादव ने सपा पर परिवारवाद का आरोप मढ़ा तो योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सपा को घेरा। भाजपा की सियासी चुनौती को देखते हुए परिवार की परंपरागत सीट पर सपा के महासचिव शिवपाल यादव और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने खुद मोर्चा संभाला है।
विधानसभावार 2019 में यह रही थी स्थिति
| विधानसभा | भाजपा | सपा | कांग्रेस |
| गुन्नौर | 96531 | 106159 | 5099 |
| बिसौली | 111686 | 106485 | 6711 |
| सहसवान | 95093 | 109873 | 21198 |
| बिल्सी | 103191 | 79751 | 9190 |
| बदायूं | 103842 | 89691 | 9698 |
(बदायूं लोकसभा क्षेत्र की पांच विधानसभा सीटों में गुन्नौर व सहसवान में सपा जीती थी। बिसौली, बिल्सी और बदायूं में भाजपा विजेता रही थी, इन्हीं परिणामों के आधार पर दोनों दल एक दूसरे के मतों में सेंधमारी के लिए जुटे हैं )
सपा ने दी बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे को धार
भाजपा के परंपरागत मतों में सेंधमारी के लिए सपा ने रोजगार और महंगाई के मुद्दों को धार दी है। सपा के मुखिया अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को बदायूं में आयोजित चुनावी सभा में महंगाई और बेरोजगारी, पर्चे लीक होने और अग्निवीर की भर्ती से मात्र चार साल रोजगार पर सवाल उठाए। साथ ही वादा किया कि अगर सपा सत्ता में आई तो सेना से लेकर पुलिस तक पक्की नौकरी मिलेगी। साथ ही महंगाई पर अंकुश लगाने का वादा किया। सपा के क्षेत्रीय नेता भी इन्हीं मुद्दों पर मतदाताओं को जोड़ रहे हैं।