Bareilly News: भाजपा उपाध्यक्ष लिखी कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत, नशे में धुत था गाड़ी चालक
आईवीआरआई रोड फ्लाईओवर पर सोमवार दोपहर कार की टक्कर से बाइक सवार फ्लाईओवर से नीचे जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया। वह नशे में धुत था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के इज्जतनगर में आईवीआरआई रोड फ्लाईओवर पर सोमवार दोपहर बाद भाजपा उपाध्यक्ष लिखी बेकाबू कार ने गलत साइड में आकर बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पुल से नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई। इज्जतनगर थाना पुलिस ने कार कब्जे में लेकर चालक को नशे की हालत में गिरफ्तार कर लिया।
हादसा सोमवार दोपहर बाद तीन बजे करीब आईवीआरआई रोड के पुल पर हुआ। गलत साइड में आकर कार ने बाइक में टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार करीब 10 फुट उछलकर पुल के नीचे सड़क पर गिर गया और उसकी मौत हो गई।
कार में ड्राइवर के अलावा एक और युवक बैठा था। दोनों नशे में थे। लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। थोड़ी देर में इज्जतनगर थाना प्रभारी जयशंकर सिंह पुलिस के साथ आ गए। पुलिस चालक को पकड़कर थाने ले गई। हादसे में कार भी क्षतिग्रस्त हो गई थी, उसे क्रेन की मदद से हटा दिया गया।
हड़ताल से हाहाकार: बरेली समेत पूरे मंडल में वाहनों का चक्का जाम, लोग परेशान; चालकों ने किया नए कानून का विरोध
मृतक की पहचान थाना क्षेत्र की रामनगर कॉलोनी निवासी दुर्गेश चंद्र (55) के रूप में हुई। जो एसआरएमस गुड लाइफ अस्पताल में गैस प्लांट के प्रभारी थे। उनकी पत्नी जयवंती व बेटी तरुणा ने जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचीं और शव की पहचान की।
मृतक का बेटा सेना में
जयवंती ने बताया कि पति शाम की ड्यूटी करने जा रहे थे। मृतक का बेटा तरुण श्रीनगर में सेना में तैनात है। बेटी तरुणा पढ़ाई कर रही है। पिता की मौत की खबर सुनकर बेटा श्रीनगर से बरेली के लिए रवाना हो गया है।
नशे की हालत में मिले आरोपी
गांधीपुरम निवासी अरुण गंगवार ने बताया कि गाड़ी उसके बहनोई शास्त्री नगर निवासी सत्येंद्र गंगवार की है। बताया कि भाजपा उपाध्यक्ष धर्म विजय गंगवार उसके भाई लगते हैं। इसलिए कार पर उपाध्यक्ष लिखवा लिया है।
पुलिस ने तस्दीक किया तो कार सत्येंद्र की ही निकली। इस मामले में धर्म विजय गंगवार ने बताया कि वह किसी अरुण गंगवार को नहीं जानते तो भाई होने का सवाल ही नहीं उठता। कार या आरोपी से उनका कोई मतलब नहीं है।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें मीट पैक करके रखा हुआ था। साथ ही बियर की बोतल भी मिली। आरोपी ने बताया कि वह दोस्त के साथ पार्टी करके आ रहा था। थोड़ी देर बाद उसे दूसरी जगह पार्टी करनी थी। इंस्पेक्टर जय शंकर ने बताया कि आरोपी चालक को हिरासत में लिया गया है, उससे पूछताछ चल रही है।
एसआरएमएस गुड लाइफ अस्पताल के कर्मचारी दुर्गेश चंद्र की सड़क हादसे में मौत के बाद श्रीराम मूर्ति स्मारक ट्रस्ट के सचिव आदित्य मूर्ति ने शोक व्यक्त किया है। मीडिया प्रभारी अमित अवस्थी ने बताया कि ट्रस्ट की ओर से आर्थिक सहायता परिवार को दी गई है। अन्य देय भी परिवार को दिए जाएंगे। ट्रस्ट पीड़ित परिवार के साथ है।