विज्ञान प्रदर्शनी: बरेली में छात्र ने बनाया बिना ड्राइवर के चलने वाली कार का मॉडल, आवाज से होती है कंट्रोल
बरेली में 10वीं के छात्र प्रियांशु ने कक्षा 11वीं की छात्रा साक्षी राठी के साथ मिलकर बिना ड्राइवर के चलने वाली कार का मॉडल तैयार किया। इसका मॉडल विज्ञान प्रदर्शनी में प्रस्तुत किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के जीजीआईसी में मंगलवार को आयोजित मंडल स्तरीय (माध्यमिक शिक्षा) विज्ञान प्रदर्शनी में 10वीं कक्षा के छात्र प्रियांशु की 'वॉइस व मैसेज कंट्रोल्ड कार' का मॉडल आकर्षण का केंद्र रहा। उन्होंने टेस्ला की रोबो टैक्सी से प्रेरित होकर ड्राइवरलेस कार का मॉडल तैयार किया, जिसे वॉइस कमांड से चलाया जा सकता है।
प्रियांशु ने कक्षा 11वीं की छात्रा साक्षी राठी के साथ मिलकर कार का मॉडल तैयार किया। प्रियांशु ने कहा कि कार में कोडिंग के माध्यम से कमांड सेट की गई है। यह बैटरी चलित कार फोन के ब्लूटूथ से कनेक्ट करने पर चलती है। गलत पासवर्ड डालने पर सिस्टम से डाटा पूरी तरह से मिट जाता है। उसके बाद कार में प्रवेश करने पर ही अंदर लगे रिसेट बटन से डाटा रिस्टोर हो पाएगा। इसमें लगे अल्ट्रासोनिक सेंसर सामने आने वाले वाहनों से दूरी का अंदाजा लगाते हैं।
कार अनियंत्रित होने की स्थिति में आगे और पीछे की तरफ लगा इंफ्रारेड (आईआर) कैमरा के माध्यम से सामने किसी व्यक्ति के आने पर स्वत: रुक जाएगी। प्रियांशु ने विशेषज्ञों के समक्ष कार को संचालित किया। इससे पहले मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) राकेश कुमार, उप शिक्षा निदेशक गजेंद्र सिंह व डीआईओएस देवकी सिंह ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे चार विद्यार्थी
सीनियर वर्ग में दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज रिठौरा के छात्र मो. उवैश पहले व भारत इंटर कॉलेज भोजीपुरा के छात्र प्रियांशु दूसरे पायदान पर रहे। जूनियर वर्ग में राजकीय हाई स्कूल खुनक बदायूं के छात्र वशिष्ठ पाल ने पहला व नेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज शाहजहांपुर की छात्रा शिजा खानम ने दूसरा स्थान हासिल किया।
विजेता लखनऊ में होने वाली राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में प्रतिभाग करेंगे। निर्णायक मंडल में बरेली कॉलेज से प्रो. राजेंद्र सिंह, डायट प्रवक्ता महेंद्र पाल, प्रवक्ता दिनेश कुमार सिंह रहे। प्रधानाचार्य दीप्ति वार्ष्णेय व जिला विज्ञान क्लब समन्वयक देवेंद्र कुमार ने आभार व्यक्त किया। संचालन श्वेता शर्मा व दिव्या अग्निहोत्री ने किया।