UP: छात्रा को ट्रेन के आगे फेंकने वाले शोहदे की करतूतें, सोशल मीडिया पर दिखाता था टशन, कई लड़कियों संग वीडियो
पुलिस की जांच में आरोपी युवक के बारे में कई जानकारियां सामने आई हैं। वह सोशल मीडिया पर टशन दिखाता था। शहर के पार्कों और सड़कों पर लड़कियों और दोस्तों के साथ वीडियो बनाकर यू ट्यूब और इंस्टाग्राम पर डालता था। उसकी करतूतों की जानकारी उसके पिता को थी। शिकायतों पर भी पिता चुप रहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र में छात्रा को रेलवे ट्रैक पर फेंकने वाला शोहदा गांव का सामान्य युवक नहीं है। वह सोशल मीडिया पर टशन दिखाता है। भले ही नकली हथियार रहे हों, लेकिन उसके फोटो-वीडियो सोशल मीडिया अकाउंट व यू ट्यूब चैनलों पर मौजूद हैं। रेलवे ट्रैक पर बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर डाले हैं।
आरोपी युवक शहर के पार्कों और सड़कों पर लड़कियों और दोस्तों के साथ वीडियो बनाकर यू ट्यूब और इंस्टाग्राम पर डालता था। आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट पर हजारों फॉलोअर हैं। आरोपी ने यू ट्यूब पर दो चैनल बना रखे हैं, जबकि इंस्टाग्राम पर भी उसका अकाउंट है। आरोपी के कई वीडियो ऐसे हैं, जिसमें वह लड़कियों और आवारा किस्म के लड़कों के साथ वीडियो बनाता नजर आ रहा है। कई वीडियो में आरोपी युवक टशन दिखा रहा है।
ये भी पढ़ें- Bareilly News: ट्रेन के आगे फेंकी गई छात्रा की हालत नाजुक, एयरलिफ्ट कर भेजा जा सकता है दिल्ली
आरोपी ने एक वीडियो छह दिन पहले ही शहर के गांधी उद्यान पार्क में बनाया था। इस वीडियो में उसके साथ एक लड़की नजर आ रही है। शोहदे ने यू ट्यूब पर दूसरे नामों से चैनल बना रखे हैं। एक चैनल पर शोहदे के पांच हजार सब्सक्राइबर हैं, जबकि दूसरे पर तीन सौ सब्सक्राइबर हैं।
शोहदे ने इंस्टाग्राम पर दूसरे नाम से अकाउंट बना रखा है और उसके दस हजार से अधिक फॉलोअर हैं। इंस्टाग्राम पर उसने टशन दिखाते हुए कई वीडियो डाले हैं। इनमें कई वीडियो रेलवे ट्रैक पर बनाए हैं जबकि हथियार के साथ भी पोस्ट डाली गई है। इस समय उसके सभी सोशल मीडिया अकाउंट चालू हैं, पुलिस इनकी जांच कर रही है।
गांव के परिवेश में पले बढ़े युवक के पिता को उसकी हरकतों के बारे में खबर थी। फिर भी वह उसकी हरकतों व शिकायतों पर डांटने के बजाय बेटे को शह दे रहा था। शोहदा सोशल मीडिया पर सैकड़ों वीडियो पोस्ट करता था। फिर भी शिकायतों को अनसुना कर देता था।
दादा ने मारा था थप्पड़, पिता खड़ा रहा
जिस छात्रा को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया उसके परिजनों ने भी पहले शोहदे के पिता से शिकायत की थी, लेकिन पिता ने बेटे की करतूत पर पर्दा डालने की कोशिश की। अब उसी अनदेखी की कीमत शोहदे के पिता को जेल जाकर चुकानी पड़ी है। छात्रा के परिजनों के मुताबिक तीन दिन पहले भी छात्रा ने आरोपी की शिकायत अपनी मां से की थी। मां आरोपी के घर पहुंची और शिकायत की। तब उसके दादा ने आरोपी को थप्पड़ भी मारा था लेकिन पिता ने बेटे से कुछ नहीं कहा।
छात्रा के ताऊ ने गांव में हो रहे गलत कामों के लिए स्कूल के पास डेढ़ साल पहले खुली शराब की दुकान को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने बताया कि आबकारी अधिकारी से लेकर एसडीएम सदर तक से वह लंबे समय से लिखित में शिकायत कर चुके हैं। इसके बावजूद आज तक शराब की दुकान नहीं हट सकी।
बताया कि छात्रा के स्कूल से सटी इस दुकान पर गांव के तमाम आवारा लड़के शराब पीने आते हैं। गांव के अधिकांश लोग हलवाई का काम करते हैं और दूसरे शहरों में रहते हैं। इनमें से कई लड़के पढ़ाई छोड़ शराब पीने व कई गलत कामों में पड़ गए हैं। वह फिर से इसकी शिकायत करेंगे। पुलिस सीसीटीवी व सर्विलांस से जांच कर रही है, घटना में ज्यादा आरोपी भी हो सकते हैं।