Bareilly Accident: कार में जिंदा जले आठ लोगों के शवों की पहचान मुश्किल, डीएनए जांच से होगी तस्दीक
बरेली-नैनीताल हाईवे पर डंपर से टकराने के बाद कार में आग लगने से आठ लोग जलकर राख बन गए। पुलिस उनके अवशेषों को लेकर पोस्टमार्टम पहुंचीं। शवों के बीच रोते-बिलखते परिजन अपनों को तलाशते रहे। किसका कौन सा शव था, ये पहचानना मुश्किल था।
विस्तार
बरेली के भोजीपुरा इलाके में नैनीताल हाईवे पर शनिवार देर रात डंपर से टकराने के बाद कार में आग लगने से आठ लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई थी। सभी पूरी तरह जल गए थे, जिससे उनकी शिनाख्त में मुश्किलें आईं कि कौन सा किसका शव है। रविवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस पर आठ लाशों के बीच परिवार वाले अपनों को खोजते रहे। एक शव की शिनाख्त चेन-अंगूठी से की। चेहरे खराब और शव राख में तब्दील हो जाने के कारण परिवार वाले अपनों को पहचान तक नहीं पा रहे है। मृतकों में चार चचेरे-तहेरे भाई हैं।
पोस्टमार्टम हाउस पर बहेड़ी के गांव जाम निवासी मोहम्मद आरिफ (30) के भाई नवी हसन ने बताया कि आरिफ की शादी 20 नवंबर को बहेड़ी से हुई थी। पुलिस ने उन्हें व्हाट्सएप पर फोटो दिखाए जिसके देखने के बाद उन्होंने शिनाख्त की। मोहम्मद अय्यूब (32) मजदूरी करते थे। उनकी चार लड़की और दो लड़के हैं।
जिंदा जले 8 बराती: डंपर से टकराने के बाद फंसा सेंट्रल लॉक, आग बुझी तो राख हो गए थे शरीर; टुकड़ों में निकाले शव
परिवार वालों ने बताया कि मोहम्मद अय्यूब के चचेरे भाई मोहम्मद शादाब (26) पुत्र अब्दुल मजीद की पहचान गले में चेन और हाथ में घड़ी से हुई है। दोनों चचेरे-तहेरे भाई थे। बाबू (41) पुत्र प्यारे और युसूफ भी चचेरे-तहेरे भाई थे। मोहम्मद आलिम (17) पुत्र मोहम्मद जाहिद मजूदरी करता था। वह अपने दो भाई और दो बहनों में दूसरे नंबर का था। आसिफ और चालक फुरकान (25) निवासी मितापुर थाना बहेड़ी की भी शिनाख्त हो गई है।
ये था मामला
बहेड़ी निवासी सुमित गुप्ता ने बताया कि वह अपनी अर्टिगा कार बुकिंग पर चलवाते थे। वह बहेड़ी से सटे गांव जाम निवासी उवैस की शादी का कार्यक्रम शनिवार को बरेली शहर में पीलीभीत बाईपास के फहम लॉन में था। बहेड़ी के नारायण नगला के चालक फुरकान जाम गांव के ही कुछ लोगों को लेकर आया था। शादी में शामिल होने के बाद सभी लोग लौट रहे थे।
रात पौने 12 बजे भोजीपुरा थाने से डेढ़ किलो आगे दभौरा गांव के पास अचानक कार का टायर फट गया। कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़कर दूसरी लेन की सड़क पर पहुंच गई। बहेड़ी की ओर से आ रहे डंपर ने टक्कर मारने के बाद घसीटा इस दौरान धमाके के साथ कार में आग लग गई। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। चालक और हेल्पर डंपर छोड़कर भाग गए।
लापता लोगों के शव मानकर किया जाएगा सुपुर्दे खाक
आठ शवों में केवल तीन लोगों शवों की सही पहचान हो सकी है। कई शव ऐसे हैं जो इतनी बुरी तरह जल गए हैं कि उन्हें पहचानना मुश्किल है। ऐसे में अनुमान के आधार पर पंचनामा भरवाने और पोस्टमार्टम की कार्रवाई चल रही है। सभी मृतकों के आधार कार्ड और अन्य पहचान पत्र पुलिस ने जमा कर लिए हैं। सूत्रों के मुताबिक उनके परिजनों और शवों के सैंपल जांच को भेजे जाएंगे। डीएनए रिपोर्ट से ही इस बात की तस्दीक होगी कि कौन सा शव किस व्यक्ति का था। आग लगने और हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.