यूपी: बारिश के चलते सोमवार को बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज, इस जिले में छुट्टी का आदेश जारी
बरेली जिले में बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। रविवार को दिनभर रिमझिम बारिश होती रही। शुक्रवार से हो रही लगातार बारिश के चलते सोमवार को भी स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। इस संबंध में जिलाधिकारी ने आदेश जारी किया है।
विस्तार
बरेली में खराब मौसम के कारण जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सोमवार को सभी स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया है। यह फैसला जिले में शुक्रवार से हो रही लगातार बारिश के मद्देनजर लिया गया है। रविवार को भी दिनभर रिमझिम बारिश जारी रही। दिन का तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए स्कूलों में होने वाले कार्यक्रमों के लिए भी निर्देश जारी किए गए हैं। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने गांधी जयंती पर होने वाले कार्यक्रमों की समीक्षा में बीएसए और डीआईओएस को निर्देश दिए कि छोटे बच्चों को इन कार्यक्रमों में शामिल न किया जाए। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बारिश के कारण बच्चों को कोई परेशानी न हो।
अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टी पर एक सप्ताह तक रोक
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टियों पर एक सप्ताह तक रोक लगा दी है। सार्वजनिक समेत कोई अवकाश स्वीकृत नहीं होगा। विशेष परिस्थिति में अनुमति पर अवकाश मिलेगा। जिलाधिकारी ने बताया कि लगातार बारिश के चलते जिले में जलभराव समेत अन्य समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका है।
किसी भी क्षेत्र में अचानक आपात स्थिति बनने पर तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कराने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मुख्यालय पर उपलब्ध रहें, इसके निर्देश दिए गए हैं। बिना सूचना, अनुमति के अवकाश स्वीकृत नहीं होगा। विशेष परिस्थिति में अवकाश के लिए संबंधित को पहले जिलाधिकारी को जानकारी देनी होगी।