बरेली: पुलिस ने मुठभेड़ में पांच पशु तस्करों को किया गिरफ्तार, गोली लगने से दो घायल; तमंचे-कारतूस बरामद
बरेली के मीरगंज इलाके में पुलिस ने पशु तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुठभेड़ में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो आरोपी घायल हुए हैं। ये आरोपी संरक्षित पशु को काटने की फिराक में थे।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
बरेली के मीरगंज इलाके में पुलिस ने मंगलवार रात हुई मुठभेड़ के बाद पांच पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य को घेराबंदी कर दबोचा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस और गोकशी के उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात थाना मीरगंज पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि कुछ बदमाश ग्राम लभारी के जंगल में संरक्षित पशु को काटने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जंगल की घेराबंदी की।
यह भी पढ़ें- बरेली: खाद्य निरीक्षक बनकर वसूली कर रहा था सेवानिवृत्त तहसीलदार, तीन साथियों समेत गिरफ्तार; ऐसे खुली पोल
खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में नन्हे उर्फ मतिया निवासी मनकरा के बाएं पैर और आसिफ कुरैशी निवासी इस्लामनगर, मिलक (रामपुर) के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने दोनों घायलों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
तमंचे-कारतूस और पशु काटने के उपकरण बरामद
मौके से अशरफ, शेर सिंह और आसन शाह निवासी मनकरा को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 12 बोर और 315 बोर के दो तमंचे, कारतूस और पशु काटने के उपकरण बरामद किए।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने 13 नवंबर को लभारी के जंगल में पशु काटने की घटना को स्वीकार किया है। इस मामले में पहले से ही थाना मीरगंज में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत मुकदमा दर्ज है।
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि गोकशी की सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में दो आरोपी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मुठभेड़ के संबंध में भी मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
