बरेली में डिरेल होने से बची ट्रेन: पटरी चटकी देख लाल झंडी लेकर ट्रैक पर खड़ा हो गया कीमैन, टला रेल हादसा
कीमैन ने रेल पटरी चटका देख कंट्रोल रूम और बमियाना स्टेशन को सूचना दी। लोको पायलट को अलर्ट करने के लिए पटरी पर पटाखे लगा दिए। कीमैन खुद भी लाल झंडी लेकर ट्रैक पर खड़ा हो गया। उसे देख लोको पायलट ने गाड़ी रोक दी।
विस्तार
बरेली-बदायूं रेल खंड के बमियाना स्टेशन के पास सोमवार को रेल पटरी चटकने के कारण 55328 बरेली सिटी-कासगंज पैसेंजर डिरेल होने से बच गई। यह ट्रेन 80 मिनट खड़ी रही। बदायूं की ओर से आ रही 55311 कासगंज-लालकुआं पैसेंजर को भी 65 मिनट रोकना पड़ा। रेल पटरी चटकने के मामले में जांच के लिए कमेटी बना दी गई है। प्रारंभिक जांच में पटरी चटकने का कारण तापमान में उतार-चढ़ाव को माना जा रहा है। सही कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
सोमवार सुबह बरेली सिटी-कासगंज पैसेंजर बरेली सिटी से 7:34 बजे चली थी। बरेली जंक्शन और रामगंगा ब्रिज स्टेशन पर ठहराव लेने के बाद यह ट्रेन बदायूं की ओर रवाना हुई। रामगंगा स्टेशन से पांच किलोमीटर चलने के बाद बमियाना स्टेशन से करीब दो किलोमीटर पहले पुल संख्या 357 के पास पटरी चटकने के कारण ट्रेन डिरेल होने से बच गई।
यह भी पढ़ें- UP: शादी के दिन उठी दुल्हन की अर्थी... डांस करते समय हार्ट अटैक से गई जान; देखें मौत से पहले का वीडियो
रामगंगा-बमियाना रेलखंड में तैनात कीमैन विनोद कुमार और लोको पायलट की सूझबूझ से हादसा टल गया। कीमैन ने पेट्रोलिंग के दौरान ट्रेन के आने से पहले चटकी पटरी को देख लिया। उसने कंट्रोल रूम और बमियाना स्टेशन को सूचना दी और लोको पायलट को अलर्ट करने के लिए पटरी पर पटाखे लगा दिए। कीमैन खुद भी लाल झंडी लेकर ट्रैक पर खड़ा हो गया।
पटाखों की आवाज सुनने के बाद लोको पायलट अलर्ट हो गया। उसने ट्रेन को रोक दिया। इससे हादसा टल गया। इज्जतनगर से तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई। एक घंटे के बाद पटरी को दुरुस्त किया जा सका। इस दौरान बरेली सिटी-कासगंज पैसेंजर बमियाना स्टेशन से पहले खड़ी रही। बदायूं की ओर से आ रही कासगंज-लालकुआं पैसेंजर को भी बमियाना स्टेशन पर रोक दिया गया।
पुल संख्या 357 के पास लगाया गया 25 किमी का कॉशन
पटरी चटकने के कारण बमियाना स्टेशन से पहले पुल संख्या 357 के पास फिलहाल ट्रेनों की अधिकतम रफ्तार 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा की रहेगी। यहां अधिकतम 25 किलोमीटर प्रति घंटा का कॉशन लगा दिया गया है। बरेली से बदायूं होते हुए चलने वाली रामनगर-बांद्रा टर्मिनल एक्सप्रेस, टनकपुर-दौराई एक्सप्रेस, रामनगर-आगरा फोर्ट सुपर फास्ट की रफ्तार भी यहां कॉशन के कारण घट जाएगी।
पटरी में आया एक इंच से ज्यादा गैप, जांच में स्पष्ट होगी स्थिति
बरेली-बदायूं रेलखंड में बमियाना स्टेशन के पास पुल संख्या 357 के पास चटकी पटरी में एक इंच से ज्यादा का गैप आ गया था। प्रारंभिक पड़ताल में पटरी चटकने का कारण तापमान में उतार-चढ़ाव माना जा रहा है। हालांकि, सभी पहलुओं की जांच के लिए कमेटी बना दी गई है। रेल पथ और संचालन विभाग की कमेटी मामले में जांच करेगी। पिछले महीनों कई स्थानों पर ट्रेन पलटने की साजिश के मामले भी सामने आए थे। इन पहलुओं पर भी जांच की जा रही है।
बरेली-बदायूं रेलखंड में बमियाना स्टेशन के पास रेल पटरी में फ्रैक्चर हुआ था। इससे बरेली सिटी-कासगंज और कासगंज-लालकुआं पैसेंजर प्रभावित हुई। संचालन सामान्य है। पटरी चटखने के कारणों की जांच कराई जा रही है।- संजीव शर्मा, सीनियर डीसीएम इज्जतनगर मंडल