Bareilly Accident: बरेली-नैनीताल हाईवे पर भीषण हादसा, डंपर से टकराकर कार में लगी आग, आठ लोग जिंदा जले
Bareilly News : बरेली नैनीताल हाईवे पर डंपर से टक्कर के बाद आग लगने से कार सवार सभी आठ लोग जिंदा जलकर मर गए। ये लोग शादी समारोह से बहेड़ी लौट रहे थे। हादसे में आठ लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
विस्तार
बरेली में भोजीपुरा थाना क्षेत्र में नैनीताल हाईवे पर शनिवार रात भीषण हादसा हो गया। बरेली से बहेड़ी की ओर जा रही अर्टिगा कार टायर फटने के बाद डिवाइडर फांदकर दूसरी ओर से आ रहे डंपर में जा घुसी। धमाके के साथ दोनों वाहनों में आग लगने से कार सवार सभी आठ लोग जिंदा जलकर मर गए। सूचना के बाद मौके पर एसएसपी पहुंचे, फायर टीम ने बमुश्किल आग बुझाकर वाहनों को हटाया।
बहेड़ी निवासी सुमित गुप्ता की अर्टिगा कार बुकिंग में चलती है। बताते हैं कि बहेड़ी के नरायण नगला निवासी फुरकान ने बरेली के लिए कार की बुकिंग कराई थी। बहेड़ी के गांव जाम निवासी उवैस की बरात बरेली के फहम लॉन में आई थी। इसी बरात में आने के लिए कार बुक कराई गई थी। बरात से लौटकर रात पौने 11 बजे ये लोग वापस बहेड़ी लौट रहे थे। बताते हैं कि भोजीपुरा थाने से करीब सवा किमी बहेड़ी दिशा मे दभौरा गांव के पास अचानक कार का टायर फट गया। इससे कार असंतुलित होकर डिवाइडर को फांदकर दूसरी दिशा में चली गई।
Bareilly News: भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के खिलाफ किया प्रदर्शन, पुतला फूंका; बताया भ्रष्टाचार में डूबी पार्टी
कार सामने से आ रहे डंपर में जाकर टकरा गई। जोरदार आवाज के साथ कार में आग लग गई। कार को डंपर करीब 25 मीटर घसीटता हुआ ले गया। इससे डंपर के अगले हिस्से में भी आग लग गई। डंपर के ड्राइवर और हेल्पर घबराहट में कूदकर फरार हो गए।
राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना
दूसरे वाहनों से जा रहे लोगों ने सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। करीब आधा घंटे में दमकल पहुंची। सूचना पर एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान, सीओ नवाबगंज चमन सिंह चावड़ा के साथ ही सीएफओ चंद्रमोहन शर्मा मौके पर पहुंचे। मुश्किल से आग पर काबू किया गया। सभी कार सवारों के जल जाने की स्थिति में लोगों की संख्या और पहचान नहीं हो पा रही थी। बाद में पता चला कि भीषण हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई है।

- कार चालक फुरकान पुत्र भूरे निवासी मितापुर जागीर
- मोहम्मद आरिफ पुत्र अमीर अहमद
- मोहम्मद अय्यूब पुत्र मोहम्मद यूनिस
- बाबू पुत्र प्यारे
- मोहम्मद आलिम पुत्र जाहिद अली
- मोहम्मद आसिफ पुत्र शमीम अहमद
- मोहम्मद आसिफ पुत्र छोटे मुन्ने
- मोहम्मद शादाब पुत्र अब्दुल माजिद (ये सभी गांव जाम शुमाली के रहने वाले थे)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क दुर्घटना में हुई आठ लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत जनों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.