बरेली बवाल: डीएम अविनाश सिंह ने कहा- अपराधी को बख्शेंगे नहीं, निर्दोषों पर नहीं होगी कार्रवाई
डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि कोई भी व्यक्ति चाहे वह कितना भी बड़ा हो, अगर वह कानून व्यवस्था और शांति व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश करेगा तो उसके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी, जो लोगों के लिए नजीर बनेगी।
विस्तार
सरकार की नीति स्पष्ट है अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और निर्दोष को छुआ भी नहीं जाएगा। शहर में हुए बवाल को लेकर किसी निर्दोष पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। मगर, जो लोग माहौल को बिगाड़ने के प्रयास में शामिल रहे हैं, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। ये बातें जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने मंगलवार को कहीं।
जिलाधिकारी ने कहा कि बरेली की फिजा को किसी भी हाल में खराब नहीं होने दिया जाएगा। जनपद के नागरिक कानून का पालन करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। कुछ असामाजिक तत्व लगातार माहौल को खराब करने की साजिश रच रहे हैं। नाबालिगों को बरगलाकर उन्हें पत्थर और असलहा थमाने का प्रयास कर रहे हैं, इसे प्रशासन गंभीरता से ले रहा है। ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है और उन्हें किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें- UP: सपा पार्षद पर 1.12 करोड़ का जुर्माना, बिजली चोरी में आठ मुकदमे दर्ज; चार्जिंग स्टेशन पर चला बुलडोजर
साक्ष्य के आधार पर हो रही कार्रवाई
जिलाधिकारी ने कहा कि जो भी गिरफ्तारियां हो रही हैं, अवैध निर्माण चिह्नित और सील किए जा रहे हैं, वह डिजिटल सबूत और पुख्ता जांच के आधार पर ही की जा रही हैं। किसी को केवल शक के आधार पर नहीं उठाया जा रहा है। पूरी प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता बरती जा रही है। यदि किसी व्यक्ति की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है तो उससे केवल पूछताछ की जाएगी। मगर, साक्ष्य के बिना किसी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि यदि किसी को कोई गलत सूचना मिले या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो सीधे पुलिस-प्रशासन को सूचित करें। सोशल मीडिया की भ्रामक सामग्रियों से दूरी बना कर रहें।