रुहेलखंड विश्वविद्यालय: स्नातक की 27,000 से अधिक सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन आज से, यह है अंतिम तारीख
कॉलेज की ओर से पहले, दूसरे, तीसरे चरण के छूटे अभ्यर्थी और वर्तमान चरण में आवेदित छात्र-छात्राओं की कटऑफ जारी कर 31 अगस्त तक प्रवेश दिया जाएगा।
विस्तार
बरेली के रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से 27,000 से अधिक रिक्त सीटों पर चौथे चरण के पंजीकरण शुक्रवार से किए जाएंगे। विद्यार्थी 31 अगस्त तक विवि की वेबसाइट www.mjpru.ac.in आवेदन कर सकेंगे।
स्नातक पाठ्यक्रम के लिए 10 मई से आवेदन किए जा रहे हैं। प्रवेश के लिए तीसरे चरण के पंजीकरण 12 अगस्त तक किए गए। 23 अगस्त से विवि ने चौथे चरण के प्रवेश पंजीकरण शुरू कर दिए हैं। विद्यार्थी 31 अगस्त तक 400 रुपये शुल्क के साथ आवेदन कर सकेंगे। कॉलेज की ओर से पहले, दूसरे, तीसरे चरण के छूटे अभ्यर्थी और वर्तमान चरण में आवेदित छात्र-छात्राओं की कटऑफ जारी कर 31 अगस्त तक प्रवेश दिया जाएगा।
मीडिया सेल प्रभारी डॉ. अमित सिंह के अनुसार स्नातक की करीब दो लाख सीटों के सापेक्ष 1,72,204 विद्यार्थियों ने 12 अगस्त तक पोर्टल पर पंजीकरण कराया है। इसके बाद भी संबद्ध कॉलेजों के कई पाठ्यक्रमों में सीटें खाली रह गईं थीं। इसको लेकर कॉलेज से लेकर विद्यार्थी भी तिथि बढ़ाने की मांग कर रहे थे।
परास्नातक में कल से होंगे दूसरे चरण के पंजीकरण
रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से परास्नातक में प्रवेश के लिए दूसरे चरण के पंजीकरण 24 अगस्त से किए जाएंगे। विद्यार्थी पांच सितंबर तक 150 रुपये शुल्क के साथ विवि की वेबसाइट पर आवेदन कर सकेंगे।
कुलसचिव संजीव कुमार के अनुसार विवि परिसर और संबद्ध कॉलेजों में स्नातकोत्तर, पीजी डिप्लोमा, एलएलबी तीन वर्षीय व एमएड (अनुदानित) में ऑनलाइन प्रवेश की अंतिम तिथि 22 अगस्त निर्धारित की गई थी। अब इसे बढ़ाकर पांच सितंबर कर दिया गया है।
23, 24, 25, 30 व 31 अगस्त को हो रही पुलिस भर्ती परीक्षा की शुचिता ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने अवकाश घोषित करने के लिए कहा है। इसलिए कॉलेजों में कटऑफ जारी करने की तारीख में संशोधन किया गया है। ऑनलाइन कटऑफ तैयार कर कॉलेज छह से 10 सितंबर तक प्रवेश निर्धारित करेंगे।