UP: आलम ने प्रेम सिंह बनकर युवती का किया यौन शोषण, हकीकत पता लगी तो बोला- शिकायत की तो टुकड़े कर दूंगा
पीलीभीत के बिलसंडा क्षेत्र की युवती ने बरेली के इज्जतनगर थाने में आलम नाम के युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप लगाया कि आलम ने अपनी पहचान छिपाकर उसे प्रेमजाल में फंसाया। पांच साल तक उसका यौन शोषण करता रहा। हकीकत पता लगी तो उसने जान से मारने की धमकी दी है।
विस्तार
बरेली के हाफिजगंज इलाके के रहने वाले कैफे संचालक आलम ने पांच साल तक अपनी पहचान छिपाए रखी। खुद को प्रेम सिंह बताकर उसने पीलीभीत के बिलसंडा इलाके की युवती का यौन शोषण किया। इस दौरान उसका गर्भपात भी कराया। हकीकत खुलने पर टुकड़े-टुकड़े करने की धमकी दी। युवती ने उसके खिलाफ इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
युवती ने थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह को बताया कि वह इज्जतनगर क्षेत्र में किराये पर रहती थी। एयरफोर्स गेट के पास स्थित कैफे के मालिक हाफिजगंज निवासी आलम ने अपना नाम प्रेम सिंह बताया। उसे कैफे में नौकरी दी और बाद में पार्टनर बना लिया। इसके बाद शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने लगा। युवती को जब उसकी असली पहचान पता चली तो उसने इसका विरोध किया। इस पर आलम ने हिंदू रीति-रिवाज से विवाह करने की बात कहकर उसे चुप करा दिया।
इसके बाद जब भी युवती शादी की बात करती तो वह टालमटोल कर देता था। इस दौरान युवती तीन-चार बार गर्भवती हुई। आलम ने पीलीभीत के बरखेड़ा स्थित माया अस्पताल और बरेली के रामा अस्पताल में ले जाकर गर्भपात करा दिया। आरोप है कि आलम और उसके घरवालों ने पुलिस में शिकायत करने पर युवती के टुकड़े-टुकड़े करने की धमकी भी दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आलम की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: मंगेतर बोला- तुम जियो या मरो... हमें दहेज चाहिए; युवती ने फंदा लगाकर दे दी जान
दो बच्चों के पिता आलम ने खुद को बताया था अविवाहित
आलम युवती के संपर्क में आने से पहले से ही शादीशुदा था और उसके दो बच्चे भी हैं। युवती का आरोप है कि आलम ने उसे फंसाने के लिए अपना नाम प्रेम सिंह और खुद को अविवाहित बताया। जब उसका असली नाम पता चला तो उसने शिकायत की। इसके बावजूद आलम लगातार यौन शोषण करता रहा। युवती को बाद में पता चला कि आलम पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। इसके बाद युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस आलम की कुंडली खंगाल रही है। मामले में उसके परिजनों की भूमिका भी संदिग्ध है।