उर्स-ए-रजवी: बरेली में सोमवार से तीन दिन डायवर्जन, पुराना रोडवेज बस अड्डा भी रहेगा बंद; देखें रूट प्लान
बरेली में 18 अगस्त से तीन दिवसीय उर्स शुरू हो रहा है। उर्स में आने वाली जायरीनों की भीड़ के मद्देनजर 18 से 20 अगस्त तक रूट डायवर्जन लागू रहेगी। इस दौरान पुराना रोडवेज बस स्टैंड भी बंद रहेगा। सेटेलाइट से रोडवेज बसों का संचालन होगा।
विस्तार
बरेली में उर्स-ए-रजवी पर देश-विदेश से आने वाले जायरीन की बड़ी संख्या को देखकर यातायात पुलिस ने तीन दिन का रूट डायवर्जन लागू किया है। यह डायवर्जन सोमवार से बुधवार तक प्रस्तावित उर्स की समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। भारी और हल्के वाहनों के कई रास्ते इससे प्रभावित रहेंगे। पुराना रोडवेज बस अड्डा भी बंद रहेगा। बसों का संचालन सेटेलाइट स्टैंड से किया जाएगा।
यह रहेगा रूट प्लान
एसपी यातायात अकमल खान ने बताया कि झुमका तिराहा रोड नंबर-एक परसाखेडा, विलवा अंडरपास, विलयधाम अंडरपास, लालपुर गांव कट, नवदिया झादा, इनवर्टिस तिराहा, ट्रांसपोर्ट नगर गेट, बुखारा मोड़, रामगंगा तिराहा से सभी प्रकार के भारी वाहन शहर क्षेत्र में प्रतिबंधित रहेंगे।
दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की ओर से आने वाले भारी वाहन जिनको बरेली आना है, वह झुमका तिराहा, परसाखेड़ा रोड नंबर-1, 2, 3, 4 से परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में आ सकेंगे। वहीं विलवा, विलयधाम, नवदिया झादा से इनवर्टिस तिराहे से ट्रांसपोर्ट नगर तक आ सकेंगे।
दिल्ली रोड, नैनीताल रोड, पीलीभीत रोड की तरफ से आने वाले भारी वाहन, जिनको लखनऊ जाना है, झुमका तिराहे से विलवा, विलयधाम, बडा बाईपास से फरीदपुर होकर जा सकेंगे। जिन भारी वाहनों को लखनऊ से दिल्ली जाना है वह भी इसी मार्ग से जा सकेंगे।
दिल्ली, रामपुर, नैनीताल रोड, पीलीभीत से आने वाले भारी वाहन जिनको बदायूं जाना है, वह झुमका तिराहे, विलवा, विलयधाम, फतेहगंज पूर्वी से नवादा मोड से दातागंज, देवचरा होकर जा सकेंगे।
इसी तरह बदायूं से बरेली की तरफ आने वाले भारी वाहन जिनको दिल्ली, रामपुर, नैनीताल, पीलीभीत व लखनऊ की तरफ जाना है, वह देवचरा से दातागंज, फतेहगंज पूर्वी से बड़ा बाईपास होकर जा सकेंगे।
रोडवेज बसों की ये रहेगी व्यवस्था
दिल्ली, रामपुर, नैनीताल रोड, पीलीभीत रोड की तरफ से आने वाली रोडवेज बसें जिनको बदायूं जाना है वह विलवा, इनवर्टिस तिराहा, फतेहगंज पूर्वी से दातागंज होकर जा सकेंगी व इसी मार्ग से वापस आएंगी। दिल्ली, रामपुर, नैनीताल रोड, पीलीभीत रोड से आने वाली रोडवेज बसें झुमका से बड़ा बाइपास होकर इनवर्टिस तिराहे से सेटेलाइट बस स्टैंड तक आएंगी व इसी मार्ग से वापस जाएंगी।
बदायूं की तरफ से आने वाली रोडवेज बसें जिनको बरेली आना है वह देवचरा चौराहे से दातागंज से फतेहगंज पूर्वी से फरीदपुर, इनवर्टिस तिराहा होकर सेटेलाइट बस स्टैंड तक आ सकेंगी। उर्स के दौरान सभी रोडवेज बसों का संचालन सेटेलाइट रोडवेज बस स्टैंड से होगा, पुराना रोडवेज बस स्टैंड से बसों का संचालन नहीं किया जाएगा।
छोटे वाहनों का ये रहेगा डायवर्जन
19 अगस्त को उर्स में जायरीन की भीड बढ़ने पर सुबह आठ बजे से उर्स समापन तक सभी तरह के चार पहिया वाहन, ऑटो, ई-रिक्शा को इसाइयों की पुलिया, गांधी उद्यान, चौकी चौराहा, चौपुला चौराहा, मिनी बाईपास, इज्जत नगर तिराहा, कुदेशिया अंडरपास, अशोक नगर तिराहा, सूद धर्म कांटा, मूर्ति नर्सिंग होम तिराहा, श्यामगंज चौराहे से पटेल चौक, नावल्टी चौराहा, कुतुबखाना, इस्लामियां, किला क्रासिंग, कोहाड़ापीर की तरफ रोका जाएगा।
जबकि, सभी तरह के चार पहिया वाहन, ई-रिक्शा, ऑटो गांधी उद्यान से अक्षर विहार तिराहे से सर्किट हाउस चौराहे से कचहरी तिराहा से जंक्शन तिराहा तक जा सकेंगे व इसी रास्ते से वापस आ सकेंगे। शाहजहांपुर रोड व पीलीभीत की तरफ से आने वाले चार पहिया वाहन, ऑटो, ई-रिक्शा सेटेलाइट से बीसलपुर तिराहा, सुरेश शर्मा नगर, सौफुटा पूर्वी से डेलापीर से डीडी पुरम, राजेंद्र नगर व स्टेडियम की तरफ जा सकेंगे।
यहां पार्क करें वाहन
एसपी यातायात ने बताया कि उर्स में आने वाले जायरीन के वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था की गई है। शाहजहांपुर, पीलीभीत, बदायूं रोड की तरफ से आने वाली जायरीन की बसें सेटेलाइट से इसाइयों की पुलिया से बियावान कोठी से गांधी उद्यान से चौकी चौराहा एवं जंक्शन तिराहे से बिशप मंडल इंटर कॉलेज, मैथोडिस्ट इंटर कॉलेज, रेलवे यार्ड सुभाषनगर में पार्क कराई जाएंगी। पार्किंग फुल होने पर सिंचाई विभाग गेस्ट हाउस, सेंट मारिया स्कूल के सामने कैंट एरिया व सेटेलाइट कार बाजार पर पार्क होंगी।