Bareilly News: धरातल पर उतरे 31 हजार करोड़ के करार, 24 हजार से अधिक युवाओं को मिलेगा रोजगार
बरेली में सोमवार को शहर के जीआईसी ऑडिटोरियम में आयोजित उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर समिट-2023 के भूमि पूजन समारोह (ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 4.0) में नए उद्योगों की स्थापना को औपचारिक रूप दिया गया। जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली जिले में 31 हजार 350 करोड़ के 274 निवेश करार सोमवार से धरातल पर उतर गए हैं। विभिन्न क्षेत्रों में शुरू हुए इन उद्यम के जरिए 24 हजार से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है। दावा है कि ये कवायद बेरोजगारी और युवाओं के प्रवास पर अंकुश लगाने में मददगार साबित होगी।
सोमवार को शहर के जीआईसी ऑडिटोरियम में आयोजित उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर समिट-2023 के भूमि पूजन समारोह (ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 4.0) में नए उद्योगों की स्थापना को औपचारिक रूप दिया गया। जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। लखनऊ में आयोजित भूमि पूजन समारोह के दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सभी ने सजीव प्रसारण देखा।
राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार ने प्रदेश सरकार द्वारा दो दर्जन से ज्यादा सेक्टोरल नीतियां लागू किए जाने की जानकारी दी जो नए निवेश की वजह बनेंगी। उन्होंने कहा कि इससे उद्योगों की स्थापना आसान होगी। बरेली में सोमवार को शुरू हुए 274 उद्यम प्रोजेक्ट से रोजगार बढ़ेगा तो युवाओं के प्रवास पर भी अंकुश लगेगा। कार्यक्रम में दस करोड़ से कम निवेश वाले 175 निवेशक आमंत्रित किए गए थे, जिनमें 22 को सम्मानित किया गया। वहीं 10 करोड़ से अधिक निवेश करने वाले 99 उद्यमी लखनऊ में सम्मानित हुए।
समस्या है तो बताएं, होगा समाधान
मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने उद्यमियों को निवेश के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि उद्यम स्थापना में कोई समस्या है तो त्वरित समाधान के लिए बताएं। संयुक्त आयुक्त उद्योग सर्वेश्वर शुक्ला ने उद्योग स्थापना के लिए एमएसएमई नीति-2022, औद्योगिक निवेश एवं रोजगार प्रोत्साहन नीति की जानकारी उद्यमियों/निवेशकों को देकर लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
मेयर बोले- चुनाव में भी याद रखना
मेयर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि सरकार के प्रयासों से बरेली की पहचान देश ही नहीं विदेशों तक हुई है। उद्योग स्थापना में बरेली तेजी से आगे बढ़ रहा है। युवाओं को रोजगार के मौके मिलेंगे और प्रवास थमेगा। चुनाव में जब वोट मांगने कोई आए तो भाजपा को याद रखना। सांसद संतोष गंगवार ने सरकार के प्रयासों से सालों से बंद पड़ी रबर फैक्टरी की भूमि पर मालिकाना हक मिलने के बाद करीब 13 सौ से ज्यादा एकड़ भूमि पर औद्योगिक हब बनाने की जानकारी दी। इससे उद्योग स्थापना के लिए भूमि की किल्लत की समस्या दूर होने की बात कही।
ये अतिथि और अधिकारी रहे मौजूद
जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, सीडीओ जग प्रवेश, संयुक्त आयुक्त उद्योग सर्वेश्वर शुक्ला, सहायक आयुक्त उद्योग कामिनी यादव, परियोजना अधिकारी तेजवंत सिंह, डीडीओ दिनेश कुमार यादव, सहायक आयुक्त उद्योग अर्चना पालीवाल, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी बृजपाल सिंह व अन्य अफसर मौजूद रहे।
इन क्षेत्रों में शुरू हुए 274 प्रोजेक्ट
जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र के मुताबिक भूमि पूजन समारोह में पशुपालन के तीन, गन्ना विभाग का एक, सहकारिता के तीन, डेयरी के छह, अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत के तीन, आबकारी के तीन, मेडिकल एजुकेशन के सात, एमएसएमई के 138, खाद्य पूर्ति का एक, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि का एक, वन विभाग के चार, हैंडलूम एंड टेक्सटाइल्स के पांच, उच्च शिक्षा के दो, हार्टीकल्चर के 30, हाउसिंग के 23, आईटी एंड इलेक्ट्रॉनिक्स का एक, मेडिकल हेल्थ के दो, टेक्निकल एजुकेशन के 11, टूरिज्म के 13, यूपी स्टेट इंडस्टि्रयल के छह प्रोजेक्ट शुरू हुए।
इन उद्यमियों का हुआ सम्मान
उद्यमी शिल्पी गुप्ता, ऋषि पाल, डॉ.फैज शम्सी, अमन तिवारी, हसन मियां, जतिन, नजीफ अंसारी, फिदा हुसैन, मोवीन अहमद, आरएमएस होटल के तनवीर हसन, शालू सक्सेना, हेमंत यादव, नंद किशोर श्रीवास्तव, विनीत शर्मा, मोहम्मद फरियाद, सुधीर पांडेय, कमल सैनी, जगदीश सिंह, विनय गंगवार, पुत्तू सिंह समेत अन्य उद्यमियों को सम्मानित किया गया। औद्योगिक संगठन के प्रतिनिधियों ने भी विचार साझा किए।
जय श्री राम के लगते रहे जयकारे
जनप्रतिनिधियों ने अयोध्या में स्थापित प्रभु श्रीराम की प्रतिमा के शृंगार को बरेली से तैयार आभूषणों और मंदिर परिसर में बरेली के इत्र की खुशबू का जिक्र किया। कहा कि यह बरेली का सौभाग्य है कि प्रभु श्रीराम की सेवा का मौका मिला। मौजूद लोगों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए। वहीं, जिले की तहसीलों में भी स्थानीय जनप्रतिनिधि की अध्यक्षता में समारोह हुआ।
स्थानीय स्तर पर मिलेंगे निवेश और रोजगार के अवसर
इत्र कारोबारी गौरव मित्तल ने कहा कि उन्होंने विदेश में पढ़ाई की, लेकिन जन्मभूमि को ही कर्मभूमि बनाया। इत्र कारोबार स्थापित किया और सफल कारोबार कर रहे हैं। उन्होंने शासन की नीतियों और प्रशासन के सहयोग को सराहा। युवाओं से नए स्टार्टअप शुरू करने की अपील की। रामायण के प्रसंगों को सुनाकर बताया कि इत्र का प्रयोग सैकड़ों साल पहले भी होता था। उन्होंने रोजगार के अवसर बढ़ने से बाहर जाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगेगा।
केंद्र और प्रदेश सरकार समेत स्थानीय प्रशासन के प्रयास से ही 274 उद्योग धरातल पर उतरे हैं। समस्याओं का तेजी से निस्तारण हो रहा है। - उन्मुक्त संभव शील, अध्यक्ष, लघु उद्योग भारती
एक ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने में उद्यमियों का योगदान है। भूमिपूजन समारोह नए उद्योग स्थापना के लिए सराहनीय पहल है। - मयूर धीरवानी, सचिव, आईआईए
समारोह से युवाओं को नए उद्योग स्थापना के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। जिले में उद्योग स्थापना से बेरोजगारी की तादाद कम होने की उम्मीद है। - सलिल बंसल, उद्यमी
सरकार समस्या निस्तारण के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। पर्यटन को उद्योग का दर्ज देने का गजट जारी करना सराहनीय है। -राजेश गुप्ता, अध्यक्ष, सेंट्रल यूपी चैंबर ऑफ कॉमर्स