Pilibhit News: सांप डसने के बाद अंधविश्वास के जहर ने ली युवक की जान, झाड़-फूंक कराते रहे परिजन
पीलीभीत जिले में सांप के डसने से एक युवक की मौत हो गई। उसके परिजन झाड़-फूंक कराते रहे। जब उसकी हालत काफी बिगड़ गई तब परिजन उसे लेकर पीलीभीत मेडिकल कॉलेज पहुंचे। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
विस्तार
पीलीभीत जिले में सांप के डसने के बाद अंधविश्वास के जहर ने एक युवक की जान ले ली। बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र के जासपुर गांव निवासी युवक को सांप ने डस लिया। इसके बाद परिजन इलाज की वजह झाड़-फूंक में फंस गए। जब हालात बिगड़ने लगी तो पीड़ित को पीलीभीत मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां शरीर में ज्यादा जहर फैलने के चलते युवक की जान चली गई।
हाफिजगंज क्षेत्र के जासपुर गांव निवासी 32 वर्षीय महेंद्र सोमवार सुबह पशुओं के लिए चारा लेने खेत गया था। इसी दौरान उसके दाएं पैर में सांप ने डस लिया। वह किसी तरह घर पहुंचा और घटना की जानकारी घर वालों को दी तो घबराए परिजन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय पहले गांव के एक झाड़-फूंक वाले के पास ले गए। जहां झाड़-फूंक में काफी समय निकाला।
हालत लगातार बिगड़ने पर महेंद्र को परिजन पीलीभीत मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी में एम्बुलेंस से लेकर पहुंचे, जहां जब तक चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, तब तक जहर पूरे शरीर में फैल चुका था। इससे महेंद्र की मृत्यु हो गई। चिकित्सक डॉ. वामिक ने बताया कि गोल्डन ऑवर में मरीज का समय खराब होना काफी खतरा बढ़ा देता है। सांप काटने पर एंटी स्नेक वेनम लगना बहुत आवश्यक होता है।
सांप के डसने पर यह करें इलाज
जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि सांप के डसने पर सबसे पहले मरीज को जमीन पर लिटा दें। इसके बाद मरीज के जिस स्थान पर सांप ने डसा, उससे थोड़ा ऊपर हल्का कपड़ा बांध दें। उस जगह को ज्यादा न हिलाएं। तुरंत उपचार के लिए निजी स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल पहुंचें। समय पर एंटी स्नेक वेनम से मरीज की जान समय से बचाई जा सकती है। झाड़फूंक आदि में समय खराब न करें।
सर्प के डसने से ग्रामीण की हालत गंभीर
बीसलपुर के गांव जसौली निवासी रिंकू को सोमवार को सुबह खेत पर काम करते समय सर्प ने डस लिया। इससे ग्रामीण की हालत बिगड़ गई। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।