Bareilly News: एक साल से महिला अभियंता को प्रताड़ित कर रहे थे आरोपी, मामले को दबाए रहे जिम्मेदार
डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के जिलाध्यक्ष देवदत्त पचौरी के खिलाफ शिकंजा कसने लगा है। महिला इंजीनियर के साथ अभद्र व्यवहार के मामले में जांच कमेटी ने उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में विवादों से घिरे डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के जिलाध्यक्ष देवदत्त पचौरी के खिलाफ शिकंजा कसने लगा है। महिला इंजीनियर के साथ अभद्र व्यवहार के मामले में जांच कमेटी ने उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की है। रिपोर्ट अधिशासी अभियंता के जरिये उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। वैसे, यह मामला एक साल से चल रहा था, लेकिन जिम्मेदारों ने इसे दबाए रखा। अब अधीक्षण अभियंता और मुख्य अभियंता कुछ भी बोलने से इन्कार कर रहे हैं।
महिला इंजीनियर से अभद्रता मामले में अति तो तीन अप्रैल 2024 को तब हो गई, जब मुख्य अभियंता का विदाई समारोह हुआ था। आरोप है कि जेई पचौरी ने पीड़िता के साथ गाली-गलौज और अभद्र टिप्पणी की थी। एक अभियंता ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे भी भला-बुरा कहा था। खबर मिली है कि जांच टीम ने कुछ प्रत्यक्षदर्शी अभियंताओं के बयान दर्ज किए हैं। इसी के बाद जेई देवदत्त पचौरी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की है।
समझौते की भी हुई थी कोशिश
महिला इंजीनियर ने 12 मार्च को अधीक्षण अभियंता को पत्र लिखकर एक साल से प्रताड़ना और दुर्व्यवहार की जानकारी दी थी। इस संबंध में कई बार दोनों पक्षों की अधिशासी अभियंता की मौजूदगी में बातचीत हुई, लेकिन समाधान नहीं निकला। पीड़िता ने डिप्लोमा इंजीनियर संघ के जिलाध्यक्ष देवदत्त पचौरी को जिम्मेदार ठहराया है। पत्र में उसने कई उदाहरण भी दिए हैं।
जिम्मेदारों की तरफ से शून्य रही कार्रवाई
इस पत्र के बाद भी अधीक्षण अभियंता ने मामले को दबाए रखा गया। इससे आरोपियों के हौसले बढ़ते रहे। नतीजा यह हुआ कि आरोपों से घिरे जेई ने पिछले महीने ही एक अभियंता की पत्नी को भी छेड़ दिया। उसने वीडियो बनाया, महिला ने विरोध किया तो उसे अपशब्द कहे।
अब तक की गई कार्रवाई
डीएम ने आरोपी जेई देवदत्त पचौरी व आशीष यादव के विरुद्ध अनुशासनहीनता एवं दुराचरण में लिप्त होने के कारण उनका स्थानांतरण बरेली से अन्य जिले में करने की सिफारिश की है। इसके लिए उन्होंने प्रमुख सचिव पीडब्ल्यूडी को पत्र लिखा है।
पीडब्ल्यूडी मुख्य अभियंता अजय कुमार ने बताया कि जेई देवदत्त पचौरी व आशीष यादव के गैर जनपद स्थानांतरण के लिए 24 जुलाई को शासन को पत्र भेजा था, लेकिन अभी तक दोनों अभियंता स्थानांतरित नहीं हुए हैं, न ही निलंबित हुए हैं।