बरेली: ताबीज लेकर लौट रही महिला व 10 महीने की बेटी को ट्रक ने कुचला, मौत
रोजा थाना क्षेत्र के आईटीआई कॉलोनी निवासी विजय उर्फ कल्लू शुक्ला की पत्नी पल्लवी शुक्ला (26) और 10 महीने की बेटी सृष्टि को ट्रक ने कुचल दिया। एक सप्ताह से बीमार सृष्टि को डॉक्टर की दवा से फायदा नहीं होने पर विजय अपनी पत्नी और बेटी के साथ पड़ोसी गांव कटिया में ताबीज लेने गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। हादसे के बाद चालक ट्रक को लेकर भाग गया।
बेकरी संचालक विजय शुक्ला की शादी सात साल पहले हरिद्वार निवासी पल्लवी शुक्ला से हुई थी। काफी दवा कराने के बाद पल्लवी ने बेटी सृष्टि को जन्म दिया था। पैदाइश के बाद से ही सृष्टि बीमार रहती थी। पिछले एक सप्ताह से उसे लगातार बुखार और उल्टी-दस्त की शिकायत थी। कई डॉक्टरों से दवा लेने के बाद भी उसे फायदा नहीं हुआ था। इस बीच विजय शुक्ला को एक व्यक्ति ने बेटी को आसमानी नजर होने की बात कहते हुए ताबीज लेने की सलाह दी थी।
बुधवार सुबह साढ़े छह बजे विजय अपनी पत्नी पल्लवी और 10 महीने की बेटी सृष्टि को मौलवी को दिखाने के लिए कटिया गांव गए थे। ताबीज लेने के बाद साइकिल से तीनों लौट रहे थे। रोजा अड्डे पर रैक प्लांट के पास तेज रफ्तार ट्रक के नीचे मां-बेटी आकर कुचल गईं। उनकी मौके पर मौत हो गई। जबकि विजय को चोट तक नहीं आई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मां-बेटी को कुचल गया ट्रक, विजय को पता ही नहीं चला
साइकिल अनियंत्रित होने पर विजय शुक्ला की पत्नी और बेटी सृष्टि सड़क पर गिर गईं। उन्हें कुचलते हुए ट्रक भी तेजी से निकल गया और विजय को आभास ही नहीं हुआ। चंद कदम चलने के बाद विजय को साइकिल पर वजन कम मालूम होने पर पीछे मुड़कर देखा तो मां-बेटी का कुचला शव पड़ा था। यह देखकर वह बिलख पड़ा।
पत्नी के कुंडल चोरी होने का आरोप
पोस्टमार्टम हाउस पर आए विजय शुक्ला अपनी पत्नी और बेटी को याद कर बिलख पड़ा। उसने बताया कि पत्नी की काफी दवा कराने के बाद उसके घर में खुशियां आईं थीं। सब एक झटके में सबकुछ बिखर गया। उसने आरोप लगाया कि पत्नी के कानों के कुंडल भी राजकीय मेडिकल कॉलेज से गायब हो गए।
ई-रिक्शा की टक्कर से महिला की मौत
थाना क्षेत्र के बिहारीपुर नगरिया निवासी फूलमती 50 को ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर मौत हो गई। मंगलवार शाम करीब आठ बजे फूलमती खेड़ाबझेड़ा से गढ़िया रंगीन की तरफ जा रहीं थीं, कि ई-रिक्शा की टक्कर लगने से फूलमती की घटनास्थल पर मौत हो गई। फूलमती अपने बग्गर से दूध लेकर अपने घर जा रही थीं। ग्रामीणों को एकत्र होते हुए देखकर ई-रिक्शा चालक मौके से भाग गया।