बरेली में दर्दनाक हादसा: पुल की रेलिंग तोड़कर 70 फुट नीचे नदी में गिरी कार, चालक की मौत; चार घायल
शुक्रवार सुबह 10 बजे करीब शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा सराय निवासी पांच लोग कार से बहेड़ी की ओर जा रहे थे। स्विफ्ट डिजायर कार जैसे ही मानपुर गांव के पास बहगुल नदी के पुराने पुल से गुजरी, तेज रफ्तार से वह अनियंत्रित हो गई। लोहे की रेलिंग तोड़कर कार 70 फुट नीचे जा गिरी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के शीशगढ़ थाना क्षेत्र में मानपुर गांव के पास शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे तेज रफ्तार कार पुल की रेलिंग तोड़कर 70 फुट नीचे बहगुल नदी में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने कार सवार सभी पांच युवकों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से बरेली के निजी अस्पताल भिजवाया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही चालक आदिल (20) की मौत हो गई।
इंस्पेक्टर क्राइम रविंद्र कुमार नैन ने बताया कि शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा सराय निवासी पांच युवक कार से बहेड़ी की ओर जा रहे थे। मानपुर गांव के पास बहगुल नदी के पुराने पुल की रेलिंग तोड़कर कार 70 फुट नीचे नदी में जा गिरी। कार जहां गिरी, वहां पानी कम था। गिरते वक्त कार पलट गई, जिसे स्थानीय ग्रामीणों ने सीधा किया और अंदर फंसे लोगों को निकाला।
कार को आदिल (20) चला रहा था। सबसे ज्यादा चोट उसी को आई थी। अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई। कासिम (25), फरमान (20), सलमान (21) व गुड्डू (28) का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इंस्पेक्टर क्राइम ने बताया कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
दोस्तों के साथ खरीदारी करने जा रहा था आदिल
आदिल परिवार का होनहार और कमाऊ युवक था। परिजनों ने बताया कि वह अपने बड़े भाई इश्तकार के साथ अहमदाबाद में रहता था। वहां इश्तकार के कारखाने में कपड़े की कटाई करता था। चार भाइयों में वह तीसरे नंबर का था। एक सप्ताह पहले अहमदाबाद से वह अपने घर आया था। दोस्तों के साथ मानपुर में सामान लेने जा रहा था। कार भी वही चला रहा था। आदिल की मौत से उनका परिवार सदमे में है।
हाईवे पर टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार भैंस लदी पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलटने के बाद आगे चल रही कार में जा घुसी। हादसे में कार सवार डॉ. अहमद अली और उनका चालक नरेश राठौर चोटिल हो गए। पुलिस ने पिकअप और चालक को कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि पिकअप चालक मासूक अली रामपुर से चार भैंस लेकर बरेली जा रहा था। टोल प्लाजा से पहले कार से साइड लेने के दौरान पिकअप अनियंत्रित होकर पलटकर कार से टकरा गई। प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को रवाना किया गया।