UP LT Grade Teacher: बरेली में 6940 अभ्यर्थियों ने छोड़ दी सहायक अध्यापक बनने की उम्मीद, छोड़ी परीक्षा
बरेली में यूपी एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा शनिवार को 21 केंद्रों पर हुई। पहली पाली में 71.08 प्रतिशत अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। सिर्फ 2824 अभ्यर्थियों ने ही परीक्षा दी है।
विस्तार
बरेली में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ( यूपीपीएससी) की तरफ से आयोजित सहायक अध्यापक (प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी) भर्ती परीक्षा 2025 (एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती) की प्रथम पाली में 71.08 फीसदी अभ्यर्थियों ने सहायक अध्यापक बनने की उम्मीद छोड़ दी। ये अभ्यर्थी परीक्षा में ही शामिल नहीं हुए हैं। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह नौ से 11:00 बजे तक कराई गई। यह परीक्षा जिले के 21 केंद्रों पर कराई गई है। प्रथम पाली की परीक्षा में 9,764 अभ्यर्थियों को बैठना था, लेकिन इसमें केवल 2,824 अभ्यर्थियों ने ही परीक्षा दी है, जबकि शेष 6,940 (71.08 प्रतिशत) अभ्यर्थियों ने परीक्षा ही छोड़ दी है। यह जानकारी परीक्षा प्रभारी अधिकारी एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने दी।
परीक्षा प्रभारी अधिकारी ने बताया कि दूसरी पाली की परीक्षा 16 केंद्रों पर दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होनी है। इसके बाद 18 जनवरी को फिर यही परीक्षा बरेली जिले के 19 केंद्रों पर दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9:00 बजे से 11:00 बजे तक रहेगी, जो 19 केंद्रों पर परीक्षा होगी। फिर उसी दिन दूसरी पाली में छह परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 3:00 बजे से 5:00 बजे तक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा को लेकर केंद्रों पर कड़े इंतजाम किए गए हैं।
अभ्यर्थी बोले- इतिहास के सवाल कठिन थे
पहली पाली की परीक्षा देकर बाहर निकले परीक्षार्थियों ने बताया कि प्रश्न पत्र सामान्य रहा। इतिहास के कुछ प्रश्न कठिन रहे लेकिन परीक्षा का स्तर औसत रहा। लखनऊ से परीक्षा देने आईं प्रभा ने बताया कि परीक्षा में 30 प्रश्न सामान्य ज्ञान और 120 प्रश्न सामाजिक विज्ञान के थे। उनके मुख्य विषय अर्थशास्त्र व राजनीतिक विज्ञान थे, तैयारी कम समय में की, लेकिन फिर भी परीक्षा अच्छी हुई। लखनऊ के शैलेश ने बताया कि परीक्षा ठीक हुई। उनके विषय इतिहास व भूगोल थे, जिसमें से इतिहास के प्रश्न कुछ कठिन रहे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.