Budaun News: अपहरण के 19 साल पुराने मामले में 12 दोषियों को आजीवन कारावास, कोर्ट ने सभी पर जुर्माना भी लगाया
बदायूं में 19 साल पहले 14 बदमाशों ने तीन युवकों का अपहरण किया था। मामले में कोर्ट ने सोमवार को 12 दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। दो आरोपियों की मुकदमे के दौरान मौत हो गई थी।
विस्तार
बदायूं में 19 साल पुराने अपहरण के मामले में अपर सत्र न्यायाधीश कुमारी रिंकू ने 12 आरोपियों को दोषी करार दिया है। उनको आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। प्रत्येक पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। 14 बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इनमें से दो लोगों की सुनवाई के दौरान मौत हो गई थी। सजा के बाद सभी दोषियों को जेल भेज दिया गया।
बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के गांव ओया निवासी मदन पाल सिंह पुत्र सिताब सिंह ने 23 फरवरी को तहरीर देकर 14 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि गांव के ही ओमप्रकाश के साथ बेटा शेषवीर व जसवीर ट्यूबवेल पर फसल की सिंचाई करने के लिए 22 फरवरी 2006 की रात को गए थे।
असलहों के बल पर किया था अपहरण
रात करीब 11 बजे 14 अज्ञात लोग उस समय ट्यूबवेल पर पहुंच गए, जिस समय तीनों बिजली आने का इंतजार कर रहे थे। बदमाशों ने असलहों के बल पर फिरौती के लिए तीनों का अपहरण कर लिया। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू की। पुलिस ने दस दिन बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ तीनों किसानों को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने सभी 14 बदमाशों के नाम बताए। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजकर विवेचना शुरू की।
दो आरोपियों को हो चुकी है मौत
विवेचक अशोक कुमार ने घटना से संबंधित सभी साक्ष्य संकलन करते हुए एक अप्रैल 2006 को बदमाश असलम, पप्पू उर्फ जावेद,छोटे, सप्पू, इलियास, बबलू व चंद्रपाल, जोगेंद्र, प्रदीप, सौदान, कृष्णपाल, समरपाल अंसार व असगर के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया था। तब से मामला कोर्ट में चल रहा था। विचारण के दौरान अंसार व असगर की मौत हो गई। सोमवार को न्यायाधीश ने 12 लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। प्रत्येक पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
