यूपी: बाराबंकी में तीन बेटियों संग मां ने किया सुसाइड, पति से अक्सर कहती थी- मेरे बाद बेटियों का क्या होगा
बाराबंकी में मां और उसकी तीन बेटियों की मौत से परिवार में मातम छा गया। महिला लंबे समय से बीमारियों और बेटियों के भविष्य की चिंता से परेशान थी। घटना के वक्त 12 वर्षीय बेटी पिता के साथ बाजार गई थी, इसलिए उसकी जान बच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
डेढ़ साल से बीमारियों से जूझ रहीं किरण पाल शारीरिक तकलीफों के साथ बेटियों के भविष्य को लेकर भी परेशान रहती थीं। बच्चेदानी की बीमारी, ऑपरेशन और पेट में पथरी की समस्या ने उन्हें काफी परेशान कर दिया था। इलाज में लगातार बड़ी रकम खर्च हो रही थी। पति तेज रामपाल के मुताबिक, किरण को इस बात की भी चिंता सताती थी कि उनके बाद बेटियों का क्या होगा। वह अक्सर इसी बात को लेकर परेशान रहती थीं।
तेज रामपाल बताते हैं कि किरण अक्सर कहती थीं कि बेटियों का भविष्य कैसे संवरेगा। वह उन्हें समझाते थे कि चिंता न करें, बेटियां पढ़-लिखकर अपने पैरों पर खड़ी हो जाएंगी। करीब डेढ़ साल से उनका इलाज चल रहा था। ढाई महीने पहले बच्चेदानी का ऑपरेशन कराया गया था। पेट में पथरी की समस्या भी थी। ऑपरेशन के बाद पिछले डेढ़ महीने से उनका मानसिक स्वास्थ्य संबंधी इलाज भी चल रहा था।
शुक्रवार सुबह भी किरण ने आंखों में परेशानी बताई तो पति उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां से लौटने के बाद शाम करीब 3:30 बजे तेज रामपाल 12 वर्षीय बेटी रिया को साथ लेकर कपड़े खरीदने बाजार चले गए।
कुछ देर बाद घर लौटे तो बाहर भीड़ जुटी थी। पुलिसकर्मियों ने उन्हें बताया कि किरण और उनकी तीन बेटियों की मौत हो गई है। तेज रामपाल का कहना है कि किरण मानसिक रूप से परेशान थीं। वह बेटियों के भविष्य को लेकर अक्सर चिंता जताती थीं।
बाजार गई रिया, इसलिए बच गई जान
इस हादसे में परिवार की 12 वर्षीय बेटी रिया की जान बच गई। घटना के वक्त वह अपने पिता राम तेजपाल के साथ बाजार गई थी। घर लौटने पर उसे मां और तीन बहनों की मौत की खबर मिली। एक ही पल में उसका पूरा परिवार बिखर गया। अब मां और बहनों के बिना घर में पिता के साथ अकेली रिया बची है। इस हादसे ने उसके बचपन से मां का आंचल और बहनों का साथ छीन लिया।
मां और बहनों के बिना रिया के सामने नई चुनौती
12 वर्षीय रिया ने बताया कि मां अक्सर कहती थीं कि वह किसी दिन चली जाएंगी। पिता और मौसी उन्हें समझाते थे। मां की बीमारी और उनकी चिंता से परिवार पहले ही परेशान था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि एक दिन परिवार पर ऐसा दुख टूट पड़ेगा। अब रिया के सामने मां और बहनों के बिना जिंदगी की नई चुनौती है।
चार बेटियों के भविष्य की चिंता
परिवार में सरकारी नौकरी थी, आर्थिक तंगी नहीं थी और घर में किसी बड़े विवाद की भी जानकारी सामने नहीं आई थी। तीन बेटियों की पढ़ाई और शादी की चिंता जरूर थी, लेकिन परिवार को इसका अंदाजा नहीं था कि अंदर ही अंदर कोई ऐसी परेशानी आकार ले रही है, जिसका अंत इतना भयावह होगा। तेजपाल, उनकी पत्नी किरन पाल और तीन बेटियों की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार के लोग अब भी इस घटना की वजह तलाश रहे हैं।
तेजपाल के चचेरे भाई सुमेंद्र कुमार के मुताबिक तेजपाल कानपुर स्थित वन विभाग के अनुसंधान केंद्र में अर्दली के पद पर तैनात थे। उनका पुश्तैनी गांव बहराइच का बौड़ी है। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य थी। सरकारी नौकरी होने के कारण रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर कोई बड़ी परेशानी नहीं थी। इसके बावजूद तेजपाल को तीनों बेटियों की पढ़ाई और भविष्य में उनकी शादी की चिंता सताती थी।
वह बताते हैं कि किरन पाल ऑपरेशन के बाद से अवसाद में रहने लगी थीं। हालांकि, उनके व्यवहार और बातचीत से परिवार को उनकी मानसिक परेशानी की गंभीरता का अंदाजा नहीं हो पाया।
शुक्रवार को किरन के मामा की बेटी आकांक्षा घर आई हुई थी। सभी हंस बोल रहे थे अचानक भाभी पहले अकेले रेलवे क्रॉसिंग की तरफ गई और फिर वापस आकर किरन ने तीनों बेटियों को अपने साथ ले गई। इसके बाद सियालदह ट्रेन के आगे चारों की मौत हो गई।
परिवार को नहीं थी किसी अनहोनी की आशंका
सुमेंद्र के मुताबिक तेजपाल का स्वभाव बेहद सामान्य था। उन्होंने कभी परिवार के किसी सदस्य को डांटा तक नहीं था। घर में हंसी-खुशी का माहौल रहता था। तेजपाल के पिता रामसनेही पाल भी वन विभाग से सेवानिवृत्त हैं। वह गांधीनगर में छोटे बेटे दिनेश पाल के साथ रहते हैं। बड़ा बेटा प्रेमपाल लखनऊ में विधायक आवास पर सुरक्षा गार्ड की नौकरी करते है।
परिवार में दो-दो लोगों के सरकारी सेवा में रहने के बावजूद यह हादसा हो जाना सभी को हैरान कर रहा है। उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि आखिर रेलवे क्रॉसिंग तक पहुंचने और इतना बड़ा कदम उठाने के पीछे क्या वजह रही। परिवार के लिए सबसे बड़ा सवाल यही है कि किरण की मानसिक परेशानी को समय रहते गंभीरता से क्यों नहीं समझा जा सका।
