Barabanki News : तीन मंजिला इमारत ढही, तीन की मौत, 10 घायल, एक की तलाश जारी, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
बाराबंकी जिले में फतेहपुर कस्बे में सोमवार की भोर एक तीन मंजिला इमारत तेज धमाके साथ भरभराकर ढह गया। हादसे के दौरान घर व आसपास सो रहे 15 लोग मलबे के नीचे दब गए।
विस्तार
बाराबंकी जिले में फतेहपुर कस्बे में सोमवार की भोर एक तीन मंजिला इमारत तेज धमाके साथ भरभराकर ढह गया। हादसे के दौरान घर व आसपास सो रहे 15 लोग मलबे के नीचे दब गए। आवाज सुनकर बाहर निकले पड़ोसियों की सूचना पर स्थानीय पुलिस और दमकल कर्मियों ने फौरन रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और हादसे के करीब एक घंटे के भीतर एक दर्जन लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया, जबकि आठ को लखनऊ रेफर किया गया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ ने करीब 10 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन कर एक किशोर का शव बाहर निकाला, हालांकि एक की तलाश अभी भी जारी है।
फतेहपुर कस्बे में नगर पंचायत कार्यालय के सामने मोहल्ला काजीपुर वार्ड 2 में हाशिम का तीन मंजिला घर था। सोमवार की भोर करीब तीन बजे पूरा घर तेज धमाके के साथ ढह गया। सूचना मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। मलबे से बाहर निकाले गए हाशिम की पत्नी शकीला (50), पुत्री रोशनी (20), पुत्र सुलतान (25), सलमान (22), समीर (15) पौत्री महक (10) पुत्री गुड्डू के अलावा पड़ोसी इस्लामुद्दीन के घर में सो रही उसकी पत्नी कुलसुम (50), पुत्र जफरुल हसन (22), हकीमुद्दीन (28) व पुत्री जैनब फातिमा (8) को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने रोशनी व हकीमुद्दीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य आठ लोगों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया।
हादसे में आजम (18) पुत्र हाशिम, अल्तमस पुत्र इस्लामुद्दीन को मामूली चोटें आईं, जबकि हाशिम की पुत्रवधू शाहीन, पौत्री परी (10), पौत्र बिलाल (4) सुरक्षित बाहर निकाले गए। सीडीओ एकता सिंह, एसपी दिनेश कुमार सिंह, एडीएम अरुण कुमार सिंह की निगरानी में कई थानों की पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ टीम के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें हादसे के 10 घंटे के बाद दानिश (14) का शव बाहर निकाला, लेकिन 15 घंटे बाद भी गुड्डू उर्फ आफताब (30) का पता नहीं चल सका है। हादसे में पड़ोसी इस्लामुद्दीन के अलावा उस्मान व मुन्ना के घर व दर्जियान मस्जिद क्षतिग्रस्त हो गई। राज्यमंत्री सतीश शर्मा, विधायक साकेंद्र वर्मा समेत सभी दलों के जनप्रतिनिधियों व नेताओं ने घटनास्थल व अस्पताल पहुंचकर जायजा लिया और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए मदद का आश्वासन दिया। एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या नींव कमजोर होने व ग्राउंड फ्लोर पर बैट्रियां रखे होने की बात सामने आई है। मलबा हटने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं प्रभारी डीएम/सीडीओ एकता सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार को शासन के निर्देशानुसार मदद मुहैया कराई जाएगी।
1. रोशनी बानो पुत्री मो0 हासिम उम्र 22 वर्ष निवासी कस्बा फतेहपुर जनपद बाराबंकी।
2. हकीमुद्दीन पुत्र इस्लामुद्दीन उम्र 28 वर्ष निवासी कस्बा फतेहपुर जनपद बाराबंकी।
3. दानिश (14)
केजीएमयू लखनऊ में रेफर घायलों की सूची:
1. महक पुत्री मो. हासिम उम्र 12 वर्ष निवासी कस्बा फतेहपुर जनपद बाराबंकी।
2. शकीला पत्नी मो. हासिम उम्र 50 वर्ष निवासी कस्बा फतेहपुर जनपद बाराबंकी।
3. सुल्तान पुत्र मो. हासिम उम्र 24 वर्ष निवासी कस्बा फतेहपुर जनपद बाराबंकी।
4. कुलसुम पत्नी इस्लामुद्दीन उम्र करीब 47 वर्ष निवासी कस्बा फतेहपुर जनपद बाराबंकी।
5. जैनब फतिमा पुत्री इस्लामुद्दीन उम्र करीब 7 वर्ष निवासी कस्बा फतेहपुर जनपद बाराबंकी।
6. जफरूल हसन पुत्र इस्लामुद्दीन उम्र करीब करीब 20 वर्ष निवासी कस्बा फतेहपुर जनपद बाराबंकी।
7. सलमान पुत्र मो हासिम उम्र करीब 26 वर्ष निवासी कस्बा फतेहपुर जनपद बाराबंकी।
8. समीर पुत्र मो हासिम उम्र करीब 16 वर्ष निवासी कस्बा फतेहपुर जनपद बाराबंकी।
प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज किया गया
1. मो आजम पुत्र मो0 हासिम उम्र करीब 18 वर्ष निवासी कस्बा फतेहपुर जनपद बाराबंकी।
2. अलतमस पुत्र इस्लामुद्दीन उम्र करीब 11 वर्ष निवासी कस्बा फतेहपुर जनपद बाराबंकी।