ट्रक की टक्कर से जीप सवार ट्रांसपोर्टर की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बेंदाघाट (बांदा)। नेशनल हाइवे पर तेज रफ्तार जीप सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि स्कार्पियो पर सवार एक युवा ट्रांसपोर्टर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और चालक समेत तीन युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें जिला अस्पताल से कानपुर रिफर कर दिया गया। मृतक और घायल रायबरेली और उन्नाव जिले के बताए गए हैं। दूसरी घटना में दो ट्रकों की भिड़ंत में एक ट्रक के चालक व क्लीनर घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रायबरेली जिले के सरांय बैरिहाखेर (सरेनी) निवासी जितेंद्र बहादुर उर्फ भोला सिंह (40) पुत्र भारत सिंह ट्रांसपोर्ट व्यवसायी था। सोमवार को उसका ट्रक कबरई (महोबा) से गिट्टी लेकर लौटते समय रास्ते में खराब हो गया। खबर पाकर जितेंद्र अपने तीन अन्य साथियों के साथ स्कार्पियो से ट्रक के पास पहुंचा और ट्रक ठीक कराया। मंगलवार को तड़के चारों लोग स्कार्पियो से ही लौट रहे थे। बांदा-फतेहपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तिंदवारी थाना क्षेत्र के बेंदा घाट उसरा नाले के पास सुबह सामने से आ रहे ट्रक से तेजरफ्तार स्कार्पियो सीधे जा टकराई।
ट्रक का कुछ भाग स्कार्पियो के अंदर जा घुसा। चालक और उसके बगल में बैठे जितेंद्र बहादुर अंदर फंस गए। जितेंद्र बहादुर की मौत हो गई। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद गैस कटर से स्कार्पियो काट कर उसे बाहर निकाला गया। बेंदाघाट चौकी पुलिस और पूर्व प्रधान विवेक सिंह ने ग्रामीणों की मदद से घायल अजय (37) पुत्र रामदुलारे (मुस्काबाद, उन्नाव), सोनू तिवारी (32) पुत्र उमाशंकर (नरहरपुर, उन्नाव) व चालक अमित त्रिवेदी (37) पुत्र कृष्ण नारायण (त्रिवेदी पुरवा, रायबरेली) को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने तीनों को नाजुक हालत में कानपुर रेफर कर दिया है। जितेंद्र का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। बड़े भाई राममनोहर सिंह ने बताया कि दो भाइयों में वह छोटा था। एक पुत्र व एक पुत्री है। उधर, दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। एक अन्य घटना में मंगलवार को सुबह कबरई से गिट्टी लेकर फैजाबाद जा रहे ट्रक की जमालपुर कोतवाली देहात के पास सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। गिट्टी भरे ट्रक का चालक फैजाबाद निवासी मनोज (20) व क्लीनर शिवकुमार (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया।